डरबन टेस्ट : स्टेन ने द्रविड़ को पेवेलियन लौटाया (लीड-7)
द्रविड़ का विकेट 117 रन के कुल योग पर गिरा। 68 गेंदों पर तीन चौके लगाने वाले द्रविड़ को डेल स्टेन ने विकेट के पीछे मार्क बाउचर के हाथों कैच कराया। इस तरह स्टेन ने इस मैच में अपना तीसरा विकेट झटका।
भारत का तीसरा विकेट सचिन तेंदुलकर के रूप में गिरा था। भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत के बाद अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवाए। भारत का पहला विकेट वीरेंद्र सहवाग के रूप में जबकि दूसरा विकेट मुरली विजय के रूप में गिरा।
सहवाग 25 रन बनाकर डेल स्टेन की गेंद पर जैक्स कैलिस के हाथों दूसरे स्लिप में लपके गए। सहवाग ने 32 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके लगाए। इस दौरान सहवाग को एक जीवनदान भी मिला। सहवाग का विकेट 43 रन के कुल योग पर गिरा।
48 रन के कुल योग पर भारत को विजय के रूप में दूसरा झटका लगा। विजय 19 रन बना सके। विजय का विकेट भी स्टेन ने लिया। भोजनकाल के बाद सेंचुरियन टेस्ट की दूसरी पारी में नाबाद शतक बनाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर 13 रन बनाकर तेज गेंदबाज लोनवाबो त्सोत्सोबे की गेंद पर कैलिस को कैच थमा बैठे। तेंदुलकर ने 22 गेंदों पर तीन चौके लगाए।
भारतीय टीम ने 39 ओवरों के खेल के दौरान चार विकेट पर 122 रन बना लिए हैं। वी.वी.एस. लक्ष्मण 66 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाकर विकेट पर डटे हुए हैं जबकि विदेश में अपना पहला टेस्ट खेल रहे चेतेश्वर पुजारा ने खाता नहीं खोला है।
यह मैच लगभग एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। रविवार सुबह बारिश के कारण मैच शुरू होने में देरी हुई। इस मैच के लिए भारत ने तीन परिवर्तन किए हैं। चोट के कारण पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल सके जहीर खान की वापसी हुई है जबकि खराब लय में चल रहे सुरेश रैना की जगह चेतेश्वर पुजारा को अंतिम एकादश में जगह दी गई है।
जहीर को जयदेव उनादकत की जगह टीम में शामिल किया गया है। उनादकत सेंचुरियन टेस्ट में बुरी तरह नाकाम रहे थे। इसके अलावा गौतम गम्भीर के स्थान पर विजय को सहवाग के साथ पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
गम्भीर के बाएं हाथ में चोट है इसलिए उनकी जगह विजय को मौका मिला। दक्षिण अफ्रीकी टीम बिना किसी परिवर्तन के मैदान में उतरी है। तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए है। उसने सेंचुरियन में खेले गए पहले मुकाबले में भारत को पारी के अंतर और 25 रनों से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications