किंग्समीड टेस्ट : जीत के साथ रिकार्ड सुधारने की कोशिश करेगा भारत
डरबन में एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजों को अग्नि परीक्षा से गुजरना पड़ सकता है क्योंकि यह पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है।
किंग्समीड के मैदान पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। भारत ने अब तक यहां तीन टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें दो टेस्ट मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है जबकि एक टेस्ट ड्रॉ रहा है।
भारतीय टीम के लिए राहत की बात है कि उसके स्ट्राइक तेज गेंदबाज जहीर खान चोट से उबरकर इस मैच में वापसी कर रहे हैं।
भारतीय टीम के कोच गैरी कर्स्टन ने कहा, "जहीर के आने से निश्चित रूप से गेंदबाजी को धार मिलेगी। हमारे गेंदबाज किसी भी परिस्थिति में गेंदबाजी करने को तैयार हैं। हमारी गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है।"
कर्स्टन ने कहा कि भारतीय गेंदबाजों में एक टेस्ट मैच में 20 विकेट लेने की क्षमता है और वह दूसरे टेस्ट मैच में इसे साबित करेंगे। आउटफील्ड के बारे में कर्स्टन का कहना है कि इसका मिजाज भी सेंचुरियन जैसा ही दिख रहा है।
कस्टर्न ने संवाददाताओं से कहा, "यहां भी बारिश की समस्या बनी हुई है। अगर बारिश होती है तो बल्लेबाजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है लेकिन हमारे छह शीर्ष बल्लेबाज इस समय अच्छा रन बटोर रहे हैं। हमारी कोशिश पहली पारी में 400 के आंकड़े को छूने की होगी।"
जहीर ने इस मैदान पर अब तक एक मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 148 रन खर्च करते हुए तीन विकेट झटके हैं।
भारतीय टीम की नजरें एक बार फिर से शानदार फॉर्म में चल रहे मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर पर होगी। तेंदुलकर ने पहले टेस्ट मैच में शतकों का अर्धशतक पूरा किया था हालांकि वह पारी की हार से टीम को नहीं बचा सके थे।
टीम को शानदार शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और गौतम गम्भीर के कंधों पर होगी। सहवाग और गम्भीर ने पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में शानदार अर्धशतक बनाए थे। हालांकि गम्भीर के खेलने को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। शनिवार को अभ्यास के दौरान उनकी ऊंगली में चोट लग गई।
भारतीय टीम में 'दीवार' के नाम से विख्यात राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण मध्यक्रम को मजबूती प्रदान करेंगे। कप्तान धौनी भी बेहतरीन फॉर्म में हैं।
बांए हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना का फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। रैना पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में फ्लॉप रहे थे। रैना की जगह अंतिम एकादश में चेतेश्वर पुजारा को मौका दिया जा सकता है।
तेंदुलकर ने इस मैदान पर तीन मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 18.6 की औसत से 93 रन बनाए हैं जबकि द्रविड़ ने दो मैचों में 16.6 की औसत से 50 रन बनाए हैं।
सहवाग ने यहां एक मैच खेला है जिसमें उन्होंने आठ रन बनाए हैं जबकि धौनी ने एक मैच में 81 रन और लक्ष्मण के नाम 65 रन दर्ज है। तेज गेंदबाज शातांकुमारन श्रीसंथ ने यहां एक मैच खेला है और इसमें उन्होंने आठ विकेट झटके हैं।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ऊंचे मनोबल के साथ इस मैदान पर उतरेगी। कप्तान ग्रीम स्थित डरबन में जीत हासिल कर श्रृंखला पर कब्जा करना चाहेंगे।
अमला के लिए यह मैच खास है क्योंकि इस दिन वह अपने करियर का 50वां टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे।
अमला ने कहा, "हमारी टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है। हम डरबन टेस्ट को जीतकर श्रृंखला पर कब्जा करने के इरादे से उतरेंगे। हमें अपने जीत पर पूरा विश्वास है। हमारे गेंदबाज और बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं।
अपने 50वें टेस्ट के बारे में अमला ने कहा कि वह आंकड़े पर ध्यान नहीं देता। एनके लिए टीम की जीत महत्वपूर्ण है।
पहले टेस्ट मैच में जहां हरफनमौला जैक्स कैलिस ने नाबाद दोहरा शतक बनाया था वहीं हाशिम अमला और अब्राहम डिविलियर्स ने शानदार शतक बनाकर कैलिस का भरपूर साथ निभाया था।
तेज गेंदबाज डेल स्टेन और मोर्न मोर्कल की जोड़ी से मेजबान टीम को काफी उम्मीदें होंगी जिन्होंने पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया था।
दक्षिण अफ्रीकी टीम में तेज गेंदबाज लोनवाबो त्सोत्सोबे की जगह बांए हाथ के तेज गेंदबाज वायने पार्नेल को शामिल किया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications