दिन का खेल खत्म होने तक लक्ष्मी रतन शुक्ला (31) और रानादेब बोस बिना खाता खोले नाबाद लौटे। रेलवे ने पहली पारी में 345 रन बनाए जबकि बंगाल की पहली पारी 201 रनों पर सिमट गई थी।
बंगाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके सलामी बल्लेबाज अनूस्तुप मजूमदार तीन रन के निजी स्कोर पर पेवेलियन लौट गए।
गतिमोनी बसु 19 रन बनाकर जयप्रकाश यादव के शिकार हुए। बसु ने 28 गेंदों का सामना कर तीन चौके लगाए।
कप्तान मनोज तिवारी ने 17 रन बनाए जबकि गांगुली ने सात रन बनाकर एक बार फिर अपने प्रशंसकों को निराश किया। गांगुली ने पहली पारी में 13 रन बनाए थे।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास तोड़कर गांगुली ने लगभग एक वर्ष बाद टीम में वापसी की है लेकिन बंगाल टाइगर के नाम से मशहूर गांगुली दोनों पारियों में नाकाम रहे।
दिब्येंदु चक्रबर्ती ने 21 रन बनाए। चक्रबर्ती ने 118 गेंदों का सामना कर दो चौके लगाए। शौर्यशीष लाहिड़ी बिना खाता खोले पेवेलियन लौटे।
रेलवे की ओर से अनुभवी गेंदबाज जयप्रकाश यादव और मुरली कार्तिक ने दो-दो विकेट झटके जबकि अनुरीत सिंह और निलेश कुमार चौहान ने एक-एक विकेट चटकाए।
इससे पहले, रेलवे ने तीसरे दिन छह विकेट पर 250 रनों से आगे खेलना शुरू किया। दूसरे दिन के नाबाद लौटे बल्लेबाज धीरेन साल्वी (35) और जयप्रकाश यादव (8) ने सम्भलकर शुरुआत की।
रेलवे की ओर से साल्वी ने नाबाद 81 रन बनाए जबकि निलेश कुमार चौहान ने 26 और जयप्रकाश यादव ने 24 रनों की पारी खेली।
बंगाल की ओर से इरेश सक्सेना ने सर्वाधिक पांच विकेट झटके जबकि लक्ष्मी रतन शुक्ला ने तीन और अशोक डिंडा और रानादेब बोस ने एक-एक विकेट चटकाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।