Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

भारत ने आस्ट्रेलिया को 99 रनों से हराया (लीड-7)

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 354 रन बनाए और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (124 रन, 107 गेंद, 9 चौके, 3 छक्के) के करियर के पांचवें एकदिवसीय शतक की बदौलत आस्ट्रेलिया के सामने बेहद चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

इसके जवाब में बल्लेबाजी करते उतरी आस्ट्रेलियाई टीम लय में नहीं दिखी और 48.3 ओवर में 255 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। माइकल हसी आस्ट्रेलिया की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 60 गेंदों में छह चौकों की मदद से 53 रन बनाए।

आस्ट्रेलिया को पहला झटका 20 रन के कुल योग पर सलामी बल्लेबाज टिम पेन के रूप में लगा। यह विकेट प्रवीण कुमार ने पांचवें ओवर की अंतिम गेंद पर लिया। इसके बाद 41 रन के कुल योग पर शेन वॉटसन (19) भी पेवेलियन लौट गए। वॉटसन का विकेट ईशांत शर्मा के खाते में गया।

वॉटसन के आउट होने के बाद पोंटिंग भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 45 रन के कुल योग पर वह भी प्रवीण की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए। पोंटिंग ने दो चौकों की मदद से 12 रन बनाए।

व्हाइट ने माइकल हसी के साथ मिलकर अपनी टीम को संभालने की पूरी कोशिश की लेकिन 23 रन के व्यक्तिगत योग पर वह भी पेवेलियन लौट गए। उस समय मेहमाम टीम का कुल योग 93 रन था। हसी और व्हाइट ने चौथे विकेट के लिए 48 रन जोड़े। एडम वोग्स 36 और मार्श 21 रन बनाकर आउट हुए। मिशेल जानसन 21 और सिडल 3 रन बनाकर आउट हुए। हिल्फेनहास 16 रन बनाकर रन आउट हो गए। नाथन हारित्ज 30 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत की ओर से रवींद्र जडेजा सबसे अधिक तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। प्रवीण कुमार और ईशांत शर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए। हरभजन सिंह को एक विकेट मिला।

इससे पहले, भारतीय टीम ने कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (124 रन, 107 गेंद, 9 चौके, 3 छक्के) के करियर के पांचवें एकदिवसीय शतक की बदौलत आस्ट्रेलिया के सामने बेहद चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर की जोड़ी से बड़ी साझेदारी की उम्मीद की जा रही थी लेकिन तेंदुलकर इस प्रयास में नाकाम रहे। भारत ने 21 रन के कुल योग पर तेंदुलकर का विकेट गंवा दिया। वह मात्र चार रन बना सके।

इसके बाद सहवाग और उनके पुराने जोड़ीदार गौतम गंभीर (76) ने दूसरे विकेट के लिए 46 रन जोड़कर स्थिति संभालने का प्रयास किया लेकिन 67 के कुल योग पर सहवाग भी पेवेलियन लौट गए। सहवाग ने अपनी 31 गेंदों की तेज पारी के दौरान छह चौके और एक छक्का लगाया।

सहवाग के विदा होने के बाद गंभीर का साथ देने के लिए युवराज सिंह आए लेकिन एक मैच के अंतराल के बाद खेलने आए युवराज अपने बल्ले का मुंह ठीक से नहीं खोल सके और 97 रन के कुल योग पर 23 रन बनाकर आउट हो गए।

युवराज के आउट होने के बाद गंभीर और धौनी ने कमान संभाली और शानदार बल्लेबाजी करते हुए कुल योग को 200 रनों के पार पहुंचा दिया। इसी बीच गंभीर ने अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन वह अपनी पारी को बड़ा आकार नहीं दे सके।

216 रन के कुल योग पर गंभीर 80 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 76 रन बनाने के बाद आउट हो गए। उन्होंने कप्तान के साथ चौथे विकेट के लिए 119 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। यही साझेदारी आगे चलकर भारतीय टीम के लिए वरदान साबित हुई।

अब टीम को मजबूत योग देने की जिम्मेदारी कप्तान के साथ-साथ नए बल्लेबाज सुरेश रैना के कंधों पर आ गई। रैना ने अपने कप्तान के साथ ताल से ताल मिलाते हुए ताबड़तोड़ शॉट लगाए और पांचवें विकेट के लिए 15.3 ओवरों में ही 136 रन जोड़ डाले।

इसी बीच धौनी ने अपने करियर का पांचवां शतक पूरा किया। उन्होंने 94 गेंदों पर सात चौकों और दो छक्कों की मदद से अपना सैकड़ा पूरा किया। कप्तान के बोझ से दबे धौनी के बल्ले से जून 2008 के बाद पहला शतक निकला है।

शतक पूरा करने के बाद भी धौनी तूफानी अंदाज में रन बटोरते रहे। तब तक भारत ने 350 रनों का आंकड़ा पार कर लिया था। 352 रन के कुल योग पर धौनी को मिशेल जानसन ने विकेट के पीछे टिम पेन के हाथों कैच करा दिया।

इसके बाद रैना भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 50 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 62 रन बनाने के बाद आउट हो गए। रैना ने 42 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया था।

रैना का विकेट 353 रनों पर गिरा। पारी की अंतिम गेंद पर प्रवीण कुमार (1) भी पेवेलियन लौट गए। हरभजन सिंह एक रन बनाकर नाबाद लौटे। आस्ट्रेलिया की ओर से जानसन ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि बेन हिफेनहास और पीटर सिडल ने एक-एक सफलता हासिल की।

सात मैचों की यह श्रृंखला अब 1-1 बराबर हो गई है। रविवार को वडोदरा में खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय टीम को चार रनों के अंतर से पराजित किया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:26 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+