विशाखापट्नम पुलिस ने भारी विरोध प्रदर्शनों के बीच इस मैच के लिए सुरक्षा मुहैया कराने को लेकर असमर्थता व्यक्त की है और यही कारण है कि बीसीसीआई ने इस मैच के विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) मैदान पर कराने का फैसला किया है।
बीसीसीआई सचिव एन. श्रीनिवासन ने अपने बयान में कहा, "विशाखापट्नम में 18 दिसंबर को खेले जाने वाले भारत-श्रीलंका एकदिवसीय मुकाबले को अब नागपुर में कराने का फैसला किया गया है। यह मैच निर्धारित तारीख को ही होगा।"
इससे पहले, विशाखापट्टनम के पुलिस प्रमुख एस. राव ने सोमवार सुबह कहा कि उनके महकमे के लिए इस मैच के मद्देनजर सुरक्षा की व्यवस्था कर पाना मुश्किल लग रहा है। ऐसे में बीसीसीआई को इस मैच को कहीं और कराने के बारे में विचार करना चाहिए।
विरोध प्रदर्शनों के कारण इस मैच के लिए टिकटों की बिक्री शनिवार को बंद कर दी गई थी। आंध्र प्रदेश क्रिकेट संघ ने कहा था कि मैच के लिए टिकट की बिक्री सोमवार को शुरू होगी लेकिन इस प्रक्रिया में कोई विकास नहीं हो सका।
भारत और श्रीलंका की क्रिकेट टीमों के बीच पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेली जानी है। इस श्रृंखला का पहला मैच 15 दिसंबर को गुजरात के शहर राजकोट में खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*