यूएई सरकार ने आसिफ पर अपने देश में प्रवेश करने पर रोक लगा दी है। इसका कारण यह है कि आसिफ पिछले साल जून में अफीम के साथ दुबई हवाई अड्डे पर हिरासत में लिए गए थे। आसिफ को 19 दिन हिरासत में बिताना पड़ा था। बाद में उन पर अफीम रखने का आरोप साबित हुआ था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष एजाज बट्ट ने सोमवार को हुई कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि पाकिस्तानी टीम को आसिफ के बगैर ही दुबई जाना होगा क्योंकि उन्हें यूएई में प्रवेश की अनुमति नहीं मिल सकी है।
इस महीने की शुरुआत में पीसीबी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद से अनुरोध किया था कि वह 3-13 नवंबर तक दुबई और अबू धाबी में खेली जाने वाली इस श्रृंखला के मद्देनजर आसिफ को यूएई में प्रवेश दिलाने के लिए अपने स्तर पर प्रयास करे।
आईसीसी ने पीसीबी के इस अनुरोध पर विचार करते हुए यूएई सरकार से इस संबंध में बात की थी लेकिन यूएई सरकार ने साफ शब्दों में कह दिया कि वह आसिफ को किसी भी हाल में अपने देश मे प्रवेश की अनुमति नहीं दे सकती।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।