भारत के महेश भूपति और लिएंडर पेस ने अपने जोड़ीदारों के साथ यूएस ओपन के डबल्स और मिक्स्ड डबल्स के अपने-अपने मैच जीत लिए हैं.
मिक्स्ड डबल्स में भूपति और पेस अपने जोड़ीदारों के साथ क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँच गए हैं जबकि डबल्स में दोनों ने तीसरे दौर में जगह बना ली है.
मिक्स्ड डबल्स में शीर्ष वरीयता प्राप्त महेश भूपति और अमरीका की लिज़ेल ह्यूबर ने अमरीका के जिल क्रेबस और इरिक ब्यूटोरेक की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-3 और 6-3 से मात दी.
ये मैच सिर्फ़ 54 मिनट चला और पूरे मैच में भूपति और ह्यूबर छाए रहे. विपक्षी खिलाड़ियों को उन्होंने कोई मौक़ा नहीं दिया.
पेस भी जीत गए
एक अन्य मैच में भारत के लिएंडर पेस और ज़िम्बाब्वे की कारा ब्लैक की जोड़ी ने भी आसान जीत दर्ज की.
उन्होंने इटली की फ़्लाविया पेनेटा और सर्बिया के दुसान वेमिच की जोड़ी को 6-4 और 6-4 से हरा दिया. ये मैच 74 मिनट चला.
पुरुषों के डबल्स मुक़ाबले के दूसरे दौर में महेश भूपति और बहामास के मार्क नोल्स की जोड़ी ने अमरीका के जेसी लेवाइन और रयान स्विटिंग की जोड़ी को 7-5 और 6-2 से हराया.
दूसरी ओर लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के लूकास ड्लोही की जोड़ी ने स्पेन के निकोलस अल्माग्रो और रुबेन रामिरेज़ हिडाल्गो की जोड़ी को 6-2 और 6-3 से मात दी.