भारत के लिएंडर पेस और ज़िम्बाब्वे की कारा ब्लैक की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलियन ओपन का मिक्स्ड डबल्स ख़िताब जीत लिया है.
रविवार को खेले गए फ़ाइनल में दोनों ने रूस की एकेतरीना माकारोवा और चेक गणराज्य के जारोस्लाव लेविंस्की की जोड़ी को सीधे सेटों में 7-5, 6-3 से हरा दिया.
नेट पर पेस की फ़ुर्ती देखते बनी. दोनों ने पूरे मैच के दौरान शानदार फुटवर्क दिखाया और बेहतर तालमेल के बूते बिना ज़बर्दस्त प्रतिरोध के फ़ाइनल अपने नाम कर लिया.
मैच के बाद पेस ने कहा, "मैं इस जीत को भारत और अपने प्रशंसकों को समर्पित करता हूँ."
पेस-ब्लैक ने एक साथ दूसरा ग्रैंड स्लैम ख़िताब जीता है. इससे पहले दोनों वर्ष 2008 का यूएस ओपन मिक्स्ड डबल्स जीत चुके हैं.
इस जीत को मिला दें तो लिएंडर पेस अब तक मिक्स्ड डबल्स में पाँच ग्रैंड स्लैम और डबल्स में छह ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं.
इससे पहले वर्ष 2003 में मार्टिना नवरातिलोवा के साथ पेस ने ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता था.
कारा ब्लैक इस बार लीज़ेल हूबर के साथ महिला डबल्स के फ़ाइनल में भी पहुँची थी लेकिन विलियम्स बहनों के हाथों वो हार गईं.