भारतीय टेनिस स्टार लिएंडर पेस और चेक खिलाड़ी लूकाश ड्लोही की जोड़ी फ़्रेंच ओपन टेनिस प्रतियोगिता के डबल्स वर्ग के फ़ाइनल में पहुँच गई है.
पिछली बार की डबल्स विजेता पेस और लूकाश ड्लोही की जोड़ी लगातार दूसरे साल डबल्स जीतने के लिए खेलेगी.
पेस और उनके चेक गणराज्य के जोड़ीदार ड्लोही ने सेमीफ़ाइनल में ऑस्ट्रिया के जूलियन नोल और इसराइल के ऐंडी रैम को हराया.
प्रतियोगिता में तीसरी वरीयता प्राप्त पेस-ड्लोही की जोड़ी ने दसवीं सीड नोल-रैम की जोड़ी को आसानी से हरा दिया.
सवा घंटे तक चले मैच में पेस-ड्लोही ने नोल-रैम को 6-4, 6-2 से हराया.
फ़ाइनल में पेस-ड्लोही का मुक़ाबला दूसरी वरियता प्राप्त कनाडा के डेनियल नेस्टर और सर्बिया के नेनद ज़िमोन्जिच की जोड़ी से होगा.
लिएंडर पेस यदि इस बार फ़्रेंच ओपन का डबल्स जीतते हैं तो ये इस प्रतियोगिता में उनकी चौथी जीत होगी.
1999 और 2001 में लिएंडर पेस ने महेश भूपति के साथ फ़्रेंच ओपन का डबल्स जीता था.
पिछले साल उन्होंने लूकाश ड्लोही के साथ प्रतियोगिता का डबल्स जीता था.