भारत के टेनिस स्टार लिएंडर पेस की डेविस कप टीम में वापसी हुई है. जबकि यूकी भांबरी को टीम से बाहर रखा गया है.
भारत को डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप के पहले राउंड का मैच रूस के ख़िलाफ़ खेलना है.
वर्ल्ड ग्रुप के पहले दौर के मैच पाँच से सात मार्च तक मॉस्को में खेले जाएँगे.
ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन ने इस अहम मैच के लिए सनम सिंह को भी टीम में जगह दी है.
टीम
जिन तीन अन्य खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है, वे हैं- महेश भूपति, रोहन बोपन्ना और सोमदेव देवबर्मन.
एसपी मिश्रा टीम के नॉन प्लेइंग कप्तान होंगे जबकि नंदन बल को टीम को कोच बनाया गया है.
पिछले साल सितंबर में भारतीय टीम ने प्ले ऑफ़ मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका को 4-1 से मात दी थी.
इस जीत के साथ भारत ने वर्ष 1998 के बाद पहली बार डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप में जगह बनाई थी.