गंभीर को स्वाइन फ्लू नहीं, ट्वेंटी-20 मैच खेलेंगे (लीड-5)
पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) के संयुक्त सचिव जीएस वालिया ने आईएएनएस को बताया, "गंभीर की रिपोर्ट नकारात्मक रही है। वह दूसरे ट्वेंटी-20 मैच में खेलने के लिए स्वतंत्र हैं।"
इससे पहले, तेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंत के स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाए जाने के बाद गंभीर में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखे थे। इसे देखते हुए उन्हें शनिवार सुबह से ही होटल के अलग कमरे में रखा गया था।
गंभीर के साथ-साथ भारतीय टीम के वीडियो विश्लेषक धनंजय में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए थे। उन्हें भी गंभीर की ही तरह एक अलग कमरे में रखा गया था।
इसके अलावा भारतीय टीम के प्रबंधक मयंक पारेख को भी स्वाइन फ्लू के लक्षणों के साथ फोर्टिस अस्पताल के एक अलग वार्ड में भर्ती कराया गया है।
फोर्टिस के निदेशक ए.अर. बनर्जी ने आईएएनएस को बताया, "पारेख को शुक्रवार देर रात यहां भर्ती कराया गया था। उन्हें बुखार और खांसी की शिकायत थी। हमने उनके शरीर से लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेज दिया है।"
इससे पहले, शुक्रवार को तेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंत के स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने की पुष्टि हुई थी। इसे देखते हुए पंजाब के स्वास्थ्य अधिकारियों ने भारतीय टीम को अन्य खिलाड़ियों सहित टीम स्टॉफ के सभी सदस्यों को एहतियातन टैमीफ्लू दवा देने का फैसला किया है।
इस पुष्टि के बाद श्रीसंत राजकोट में मंगलवार को श्रीलंका के साथ खेले जाने वाले पहले और विशाखापट्टनम में शुक्रवार को खेले जाने वाले दूसरे एकदिवसीय मैच के लिए टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
स्वाइन फ्लू से जुड़े एक अन्य नोडल अधिकारी दीपक भाटिया ने आईएएनएस से कहा, "सावधानी बरतते हुए हमने सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों सहित उन सभी लोगों को टैमीफ्लू देने का फैसला किया है जो श्रीसंत के संपर्क में आए थे। अब किसी खिलाड़ी में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखते हैं तो उसके नमूनों को तत्काल जांच के लिए भेजा जाएगा।"
भाटिया ने कहा, "श्रीसंत को अस्पताल के एक अलग कमरे में रखा गया है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। संभवत: उन्हें रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।"
श्रीसंत पेट में तकलीफ के कारण नागपुर में खेले गए पहले मैच में नहीं खेल सके थे। बाद में उन्हें डायरिया होने की पुष्टि हुई थी। डायरिया भी स्वाइन फ्लू के लक्षणों में एक माना जाता है।
पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) का कहना है कि श्रीसंत के बीमार होने से शनिवार के मैच पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि दोनों टोमों में अन्य किसी भी खिलाड़ी में इस बीमारी के लक्षण नहीं हैं। टीम प्रबंधन ने कहा है कि आने वाले मैचों के लिए श्रीसंत और पारिख टीम के साथ यात्रा नहीं करेंगे।
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications