शेनझेन (चीन), 29 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के सर्वोच्च वरीय गोल्फ खिलाड़ी जीव मिल्खा सिंह और उनके नक्शे-कदम पर चल रहे ज्योति रंधावा ओमेगा मिशन हिल्स वर्ल्ड कप गोल्फ के चौथे और अंतिम दिन बैक नाइन पर की गई गलती की वजह से शीर्ष दस में स्थान बनाने से चूक गए।
जीव और ज्योति को तीन बोगियां लगाने में नाकामी मिली और यही भारतीय टीम के लिए निराशा का कारण बना। इस तरह 28 देशों की इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम को निराशाजनक तौर पर 14वें स्थान से संतोष करना पड़ा।
लगातार दूसरे वर्ष साथ-साथ खेलते हुए जीव और ज्योति ने अंतिम दौर के बाद 16 अंडर 272 स्कोर हासिल किया। तीसरे दौर की समाप्ति तक दोनों खिलाड़ी संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर थे। इससे पहले दूसरे दौर के बाद उन्होंने संयुक्त रूप से सातवां स्थान हासिल कर रखा था।
इटली ने 29 अंडर 259 स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया। जबकि आयरलैंड ने दूसरा और स्वीडन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इंग्लैंड की टीम चौथे और जापान पांचवें स्थान पर रहा। आस्ट्रेलियाई टीम को छठे स्थान से संतोष करना पड़ा।
दक्षिण कोरिया, जर्मनी, वेल्स, दक्षिण अफ्रीका और अमेरिका को संयुक्त रूप से सातवां स्थान मिला। वेनेजुएला और चिली संयुक्त रूप से 12वें स्थान पर रहे जबकि भारत डेनमार्क के साथ संयुक्त रूप से 14वें स्थान पर रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।