जहीर चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे थे। श्रीसंत और जहीर की वापसी ने मुनाफ पटेल और आशीष नेहरा के टीम में जगह पाने की संभावना को खत्म कर दिया। एकदिवसीय मैचों में अच्छे प्रदर्शन के बाद नेहरा के टेस्ट टीम में वापसी के आसार जताए जा रहे थे।
16 नवंबर से अहमदाबाद के सरदार पटेल मोटेरा स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच के साथ शुरू हो रही इस श्रृंखला के लिए श्रीसंत की वापसी बड़ी खबर के तौर पर उभरी है।
इसका कारण यह है कि हाल के दिनों में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ-साथ केरल क्रिकेट संघ ने भी उन्हें अपने व्यवहार पर नियंत्रण रखने की चेतावनी दी थी। श्रीसंत ने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2008 में खेला था।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका में आयोजित इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे संस्करण के दौरान अपना कंधा चोटिल करा बैठे जहीर खान लगभग पांच महीने के बाद टीम में लौटे हैं। वह चैम्पियंस ट्रॉफी और आस्ट्रेलिया के साथ खेली जा रही एकदिवसीय श्रृंखला में नहीं खेल सके थे। ऑपरेशन के बाद अब जहीर पूरी तरह फिट हो गए हैं।
इसके अलावा, चयनकर्ताओं ने पहले दो मुकाबलों के लिए बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा और तमिलनाडु के बल्लेबाज मुरली विजय तथा एस. बद्रीनाथ पर भी भरोसा कायम रखा है। बद्रीनाथ और मुरली को रिजर्व बल्लेबाज के तौर पर टीम में रखा गया है।
ओझा ने 2008 में श्रीलंका दौरा किया था लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिल सका था। स्वदेश लौटने के बाद ओझा के स्थान पर अमित मिश्रा को मोहाली में आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट खेलने का मौका मिला था, जिसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। ओझा ने अभी तक एक भी टेस्ट नहीं खेला है।
टीम इस प्रकार है : महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), सचिन तेंदुलकर, शांताकुमारन श्रीसंत, राहुल द्रविड़, मुरली विजय, सुब्रह्मण्यम बद्रीनाथ, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, युवराज सिंह, वी.वी.एस. लक्ष्मण, जहीर खान, ईशांत शर्मा, प्रज्ञान ओझा, हरभजन सिंह और अमित मिश्रा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*