आईपीएल को लेकर पीसीबी ने सरकार से मंजूरी मांगी
कराची, 24 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अगले वर्ष भारत में खेले जाने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण में अपने खिलाड़ियों की हिस्सेदारी को लेकर अपने देश की सरकार से मंजूरी मांगी है।
पाकिस्तान के खेल मंत्री आफताब जिलानी ने हालांकि कहा है कि पीसीबी ने मंजूरी मांगने में देर कर दी है और अब इस संबंध में किसी प्रकार का फैसला संभव नहीं दिखता।
जिलानी ने मंगलवार को कहा, "पीसीबी ने आईपीएल में अपने खिलाड़ियों की हिस्सेदारी को लेकर सरकार से मंजूरी मांगी है। इस संबंध में 30 नवंबर से अनापत्ति प्रमाणपत्र मांगा गया है। हम इस मसले को लेकर विदेश और गृह मंत्रालय से बात करेंगे लेकिन मेरी समझ से अब इस मामले में विकास की संभावना नहीं दिखती क्योंकि पीसीबी ने देरी से पहल की है।"
पाकिस्तानी टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी आईपीएल के तीसरे संस्करण में खेलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। इनमें शाहिद अफरीदी, अब्दुल रज्जाक, उमर गुल, राणा नवेद उल हसन, कामरान अकमल, सोहेल तनवीर और मिस्बाह उल हक प्रमुख हैं।
पाकिस्तानी खिलाड़ी इस वर्ष दक्षिण अफ्रीका में आयोजित आईपीएल के दूसरे संस्करण में हिस्सा नहीं ले सके थे क्योंकि मुंबई पर हुए 26/11 के आतंकवादी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ सभी स्तर पर रिश्ते खत्म कर दिए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications