भारतीय छात्रों की सुरक्षा से जुड़े सवाल पर नाखून चबाते दिखे गिलक्रिस्ट
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा का मुद्दा इतना गंभीर रूप ले चुका है कि इसे लेकर कोई भी पुष्ट तौर पर कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है। एडिलेड स्थित वॉलनगांग विश्वविद्यालय के ब्रांड एंबेसेडर के रूप में भारत दौरे पर आए आस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट इस सवाल को लेकर इतने 'नर्वस' दिखे कि वह नाखून चबाने पर मजबूर हो गए।
नई दिल्ली स्थिति आस्ट्रेलियाई उच्चायोग में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान गिलक्रिस्ट से जब यह सवाल पूछा गया कि क्या वह आस्ट्रेलिया, खासतौर पर वॉलनगांग विश्वविद्यालय में पढ़ाई के लिए जाने वाले भारतीय छात्रों की सुरक्षा की गारंटी लेते हैं, तब वह साफ तौर पर कुछ नहीं कह सके।
गिलक्रिस्ट कुछ कहते उससे पहले वॉलनगांग विश्वविद्यालय के कॉरपोरेट रिलेशंस निदेशक क्रेग पेडेन ने माइक संभाल लिया और पूरे आत्मविश्वास के साथ भारतीय छात्रों की सुरक्षा का वचन दिया। पेडेन जानते है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और यही कारण है कि गिलक्रिस्ट के कुछ कहने से पहले उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अपनी बात रखी।
सफेद टी-शर्ट, नीली जींस और विश्वविद्यालय के लोगो वाली वाली काले रंग की टोपी पहने गिलकिस्ट ने बहुत संभलकर सबसे पहले यह कहा कि पिछले कुछ दिनों में जो भी घटनाएं हुई हैं उन्हें देखते हुए कहा जा सकता है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और यही कारण है कि वह इसे लेकर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते।
गिलक्रिस्ट ने कहा, "इस मामले पर कुछ भी कहना बहुत कठिन है। मैं मानता हूं कि आस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने वाले प्रत्येक छात्र को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और किसी भी राष्ट्रीयता को हिंसक निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। इससे भारत-आस्ट्रेलिया रिश्तों पर असर पड़ता है जो आने वाले वक्त के लिहाज से ठीक नहीं क्योंकि दोनों देश आपसी रिश्तों को प्रगाढ़ बनाने के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications