केपटाऊन टेस्ट : दक्षिण अफ्रीका के 4 विकेट पर 165 रन (लीड-8)
मेजबान टीम ने अमला के अलावा अब तक एल्वीरो पीटरसन, कप्तान ग्रीम स्मिथ और अब्राहम डिविलियर्स के विकेट गंवाए हैं। पीटरसन का विकेट 34 रन के कुल योग पर गिरा था जबकि स्मिथ 17 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौटे थे।
अच्छे लय में दिख रहे पीटरसन को ईशांत शर्मा ने विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धौनी के हाथों कैच कराया। पीटरसन 47 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 21 रन बना सके। भोजनकाल तक दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट पर 125 रन बनाए थे।
तेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंत ने हाशिम अमला (59) को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। श्रीसंत ने 106 रन के कुल योग पर अमला को आउट किया। अपने करियर का 19वां अर्धशतक पूरा करने वाले अमला ने 80 गेंदों की तेज पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया।
अमला और कैलिस ने तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़कर अपनी टीम को खराब शुरुआत से उबारने का अच्छा प्रयास किया। श्रीसंत ने अपनी पहला सफलता अर्जित करते हुए अमला को चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच कराया।
डिविलियर्स ने 72 गेंदों पर तीन चौके की मदद से 26 रन बनाए। डिविलियर्स को श्रीसंत ने धौनी के हाथों कैच करवाया। कैलिस के साथ मिलकर डिविलयर्स ने चौथे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी की।
भारत की ओर से श्रीसंत ने सर्वाधिक दो विकेट झटके हैं जबकि जहीर और ईशांत के खाते में एक-एक विकेट गया है।
बारिश और खराब रोशनी की आंखमिचौली के कारण इस मैच में अब तक तीन बार बाधा पड़ चुकी है।
सुबह के सत्र में बारिश के कारण खेल लगभग डेढ़ घंटे रुका रहा। भोजनकाल से पहले आई बारिश ने खिलाड़ियों को मैदान से बाहर जाने पर मजबूर कर दिया था। पहली बार खेल रोके जाने तक मेजबान टीम ने एक विकेट खोकर 21 रन बनाए थे।
सुबह के सत्र में मेजबान टीम ने स्मिथ के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया था। स्मिथ को जहीर खान ने पगबाधा आउट किया। स्मिथ ने छह रन बनाए। यह विकेट 17 के कुल योग पर गिरा।
इससे पहले, धौनी ने 14 मैचों के बाद टॉस जीता और पिच की स्थिति को देखते हुए गेंदबाजी करने का फैसला किया।
यह मैच दोनों टीमों के लिए अहम है क्योंकि इसी मैच के आधार पर इस तीन मैचों की श्रृंखला के विजेता का फैसला होगा। फिलहाल दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं।
भारत ने डरबन में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच 87 रनों से जीता था जबकि दक्षिण अफ्रीका ने सेंचुरियन में पारी और 25 रनों से जीत हासिल की थी।
भारत के सामने दक्षिण अफ्रीका में पहली बार कोई टेस्ट श्रृंखला जीतने की चुनौती है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका में अब तक सिर्फ दो टेस्ट मैच जीते हैं।
भारत ने इस मैच के लिए एक परिवर्तन किया है। सलामी बल्लेबाज मुरली विजय के स्थान पर गौतम गम्भीर की वापसी हुई है। गम्भीर चोट के कारण डरबन में नहीं खेल सके थे। मेजबान टीम बिना किसी परिवर्तन के उतरी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications