दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड की क्रिकेट टीमों के बीच रविवार को खेले गए एकदिवसीय मुकाबले के दौरान रेडियो कमेंट्री कर रहे बॉयकॉट ने कुछ ऐसे बेहद आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिसके लिए बीबीसी को अपने श्रोताओं से माफी मांगनी पड़ी।
दरअसल, बॉयकॉट ने जिस समय अपशब्दों का प्रयोग किया, उस समय वह ऑफ-एअर थे। अपने साथी कमेंटेट्रों के साथ कमेंट्री बॉक्स में मौजूद बॉयकॉट के आपत्तिजनक शब्दों को रेडियो पर साफ सुना गया।
बीबीसी प्रवक्ता ने कहा, "बॉयकॉट के ऑफ-एअर बयान ने हमें श्रोताओं से माफी मांगने पर मजबूर कर दिया। बॉयकॉट को यह अंदेशा नहीं था कि उनकी आवाज श्रोताओं तक पहुंच रही है लेकिन हमने जैसे ही यह महसूस किया कि उनकी हर बात सुनी जा रही है, हम माफी मांगने पर मजबूर हो गए।"
कमेंट्री बॉक्स में मौजूद लोग इससे पहले भी कई बेहद गंभीर भूल कर चुके हैं। डीन जोंस और रॉन एटकिंसन को भला कैसे भूला जा सकता है।
आस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज जोंस ने 2006 में श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे मैच के दौरान दक्षिण अफ्रीकी टीम के मुस्लिम सदस्य हाशिम अमला को 'टेरेरिस्ट' (आतंकवादी) कहकर पुकारा था।
इसके लिए जोंस को कमेंट्री करार से हाथ धोना पड़ा था। इसी तरह फुटबाल विश्लेषक एटकिंसन ने आईटीवी के लिए कमेंट्री करते हुए 2004 में एक फुटबाल मैच के दौरान कई बार बेहद आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था। इसके लिए एटकिंसन को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।