पाकिस्तान के मध्यक्रम को मजबूती देने न्यूजीलैंड जाएंगे मिस्बाह (लीड-1)
पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड की पहली पारी के कुल योग 429 रनों के जवाब में पाकिस्तानी टीम के मध्यमक्रम की रीढ़ कहे जाने वाले कप्तान मोहम्मद यूसुफ, शोएब मलिक और फवद आलम बुरी तरह नाकाम रहे, इसे देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मिस्बाह को न्यूजीलैंड भेजने का फैसला किया है।
कामरान अकमल और उनके छोटे भाई उमर अकमल ने हालांकि अहम मुकाम पर शतकीय साझेदारी निभाकर पाकिस्तान को शर्मसार होने से बचा लिया। कामरान ने अर्धशतक जड़ा जबकि अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे उमर ने भी शानदार अर्धशतक लगाया।
पीसीबी ने कहा है कि नियमित कप्तान यूनुस खान की गैरमौजूदगी में पाकिस्तानी मध्यमक्रम में एक खालीपन आ गया है, जिसे भरने के लिए मिस्बाह का न्यूजीलैंड पहुंचना जरूरी हो गया है। वह शनिवार को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।
मिस्बाह को इस श्रृंखला के लिए चयनित 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया था। इसका कारण यह था कि वह बेहद खराब फार्म में चल रहे हैं। यही नहीं, ट्वेंटी-20 विश्व कप, श्रीलंका दौरे और चैम्पियंस ट्रॉफी में खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें पाकिस्तान की एकदिवसीय और ट्वेंटी-20 टीम से भी बाहर कर दिया गया था।
मिस्बाह के न्यूजीलैंड पहुंचने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों की संख्या 18 हो जाएगी, जो किसी विदेशी दौरे के लिहाज से काफी अधिक है। पीसीबी इस श्रृंखला को घरेलू श्रृंखला के तौर पर देख रहा है क्योंकि यह श्रृंखला असल में पाकिस्तान में ही खेली जानी थी। सुरक्षा कारणों से इसे न्यूजीलैंड में कराया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications