नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। दिल्ली वालों ने रोजर फेडरर को अपना दिल दे दिया। पहली बार साक्षात रोजर फेडरर को खेलते हुए देखना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था। दुनिया के निर्विवाद रूप से महानतम टेनिस खिलाड़ियों में से एक फेडरर ने कल राजधानी में अपनी क्लास को दिखा दिया।
फर्राटेदार सर्विस, बैंक हैंड, फोर हैंड और नेट पर उनका खेल कमाल का था। फेडरर जब तक कोर्ट में रहे, दर्शक फेडरर... फेडरर के नारे लगा रहे थे। इसके बावजूद वे पूरी एकाग्रता के साथ मैदान में थे।
वरिष्ठ खेल पत्रकार जयदीप बसु ने कहा कि फेडरर जैसे खिलाड़ियों का भारत में खेलना कोई छोटी बात नहीं थी। इसलिए दर्शक सुबह से कोर्ट में आ गए। ये वही फेडरर हैं, जिनके फैन क्लब में अपने सचिन तेंदूलकर भी शामिल हैं। फेडरर में कूट-कूटकर कर विनम्रता भरी हैं। कोर्ट से बाहर आते ही उसने दर्शकों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। बीसियों लोगों को आटो ग्राफ दिए।
सानिया के साथ फेडरर
फेडरर और सानिया मिर्जा एक साथ टेनिस कोर्ट पर, वो भी दिल्ली में, दोनों ने इंटरनेशनल टेनिस प्रीमियर लीग में खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। इंटरनेशनल टेनिस प्रीमियर लीग के पहले मैच जीत के बाद सानिया मिर्जा और रोजर फेडरर ने कोर्ट पर जमकर डांस किया।
यह मौका टेनिस प्रेमियों के लिए भी खास था। हजारों भाग्यशाली टेनिस प्रेमियों का यहां तब रोजर फेडरर को पहली बार भारतीय सरजमीं पर खेलते देखने का अवसर मिला जब विश्व का यह दिग्गज खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर टेनिस लीग के दिल्ली चरण में खेलने के लिये कोर्ट पर उतरा।
फेडरर की अगुवाई वाली इंडियन एसेस ने सिंगापुर स्लैमर्स को 26-16 से हराया। फेडरर का भारत में पदार्पण शानदार रहा। उन्होंने भारतीय टेनिस तारिका सानिया मिर्जा के साथ मिलकर मिश्रित युगल में ब्रूनो सोरेस और डेनियला हंतुचोवा को 6-0 से हराया।
अभिभूत दिल्ली वाले
राजधानी के बिजनेसमैन सजल कालड़ा भी कल फेडरर को देख कर अभिभूत हैं। कहने लगे कि वे फेडरर को लंबे समय से टीवी पर देख रहे हैं। उन्हें अपनी आंखों से देखने का अनुभव गजब का रहा। वे जिस रफ्तार से कोर्ट में भागते हैं, वह किसी भी खिलाड़ी के लिए प्रेरणा हो सकता हैं।