सर्वश्रेष्ठ ट्वेंटी-20 टीम बनने के लिए सुधार की जरूरत : धौनी
शनिवार को पंजाब क्रिकेट संघ मैदान पर श्रीलंका के साथ खेले गए ट्वेंटी-20 मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत हासिल करने के बावजूद धौनी को अपनी टीम में सुधार की संभावनाएं नजर आ रही है।
धौनी ने कहा, "हम विश्व की सर्वश्रेष्ठ टीम के रूप में स्थापित हो सकते हैं लेकिन उसके लिए हमें अपनी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण सुधारने की जरूरत है। हाल के दिनों में हमारी गेंदबाजी स्तरीय नहीं रही है। हमें ट्वेंटी-20 के साथ एकदिवसीय मैचों में भी सुधार लाना होगा।"
मोहाली में श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन बनाए जबकि भारतीय टीम ने 19.1 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारत के लिए वीरेंद्र सहवाग ने 64, युवराज सिंह ने नाबाद 60 और खुद कप्तान धौनी ने 46 रनों का योगदान दिया।
इस जीत के साथ भारतीय टीम इस दो मैचों की श्रृंखला में 1-1 से बराबरी करने में सफल रही लेकिन पूरी श्रृंखला के दौरान उसकी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण चिंता का विषय रही।
नागपुर के विदर्भ क्रिकेट संघ मैदान पर बीते बुधवार को खेले गए पहले मैच में भारतीय गेंदबाजों ने 20 ओवरों में 212 रन लुटाए थे। इसी मैच में क्षेत्ररक्षकों ने चार कैच छोड़े थे। इसका नतीजा यह हुआ कि भारत वह मैच 29 रनों से हार गया।
मोहाली में भारतीय गेंदबाजों की एक बार फिर बुरी गत हुई और मेहमान टीम 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। यह सिर्फ इसलिए हो सका क्योंकि नागपुर की तरह इस मैच में भी भारतीय खिलाड़ियों ने कम से कम तीन कैच टपकाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications