नई दिल्ली। भारतीय टेनिस प्लेयर रोहन बोपन्ना फिलहाल चोट से झूझ रहे हैं। कंधे की चोट के कारण उन्होंने डेविस कप से भी नाम वापस ले लिया था। लेकिन अब उन्हें उम्मीद है कि चोट से जल्द उभरने के बाद वो जनवरी में होने जा रहे कतर ओपन का हिस्सा बन सकते हैं। बोपन्ना ने कहा, "कंधा पहले से बेहतर हो रहा है और मैंने पिछले 2-3 दिन से अभ्यास भी शुरू कर दिया है। कतर ओपन की तैयारी के लिए मेरे पास पूरा एक महीना है।" कतर ओपन 6 जनवरी को दोहा में होगा।
39 वर्षीय बोपन्ना ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, "मैंने एमआरआई लेने के बाद खुद को अनलकी पाया। शुरू में, डॉक्टरों ने कहा कि यह 15 दिनों के आराम के बाद आप चोट से ऊभर जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और जब मैं अभ्यास करने गया, तब भी बहुत दर्द हो रहा था।" बोपन्ना ने 'टाटा मुंबई मैराथन' के लिए 'ASICS लिमिटेड एडिशन GEL-NIMBUS 22' और रेस डे टी-शर्ट लॉन्च की, जो अगले साल 19 जनवरी को आयोजित होगी। पाकिस्तान को 4-0 से हराने के बाद भारत ने डेविस कप के 2020 क्वालीफायर में स्थान हासिल किया।
डेविस कप प्रदर्शन पर, बोपन्ना ने कहा, "हम हमेशा पाकिस्तान के खिलाफ हावी रहते हैं। अगर आप देखो तो हमारे एकल खिलाड़ियों की रैंकिंग ऊंची थी तो हम प्रबल दावेदार थे ही, भले ही मुकाबला कहीं भी होता। ''बीते समय में लिएंडर पेस के साथ खेल चुके बोपन्ना ने इस अनुभवी खिलाड़ी की प्रशंसा की जो इस जीत में अहम रहे थे और जिन्होंने अपनी 44वीं डेविस कप युगल जीत का अपना रिकार्ड बेहतर किया था। उन्होंने कहा, ''आप अगर इतने लंबे समय तक खेलते हो तो आप खेल को काफी पंसद करते हो। उनका कैरियर शानदार रहा, जिसमें उन्होंने इतनी कम उम्र से खेलना शुरू किया और इतना कुछ हासिल किया। ''
बोपन्ना ने आगे कहा कि हर बार टीम इंडिया जीतती है, यह एक बड़ी संतुष्टि होती है, चाहे मैं टीम में हूं या नहीं, खिलाड़ियों के रूप में, हम एक दूसरे का समर्थन करते हैं और एक-दूसरे को प्रोत्साहित करते हैं। दिन के अंत में, देश जीत गया। और यह मेरे और सभी के लिए सबसे बड़ी बात है।