वेबसाइट 'न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' के मुताबिक लगभग एक दर्जन महिलाओं द्वारा वुड्स के साथ अवैध संबंधों की बात स्वीकारने के बाद एलिन ने अपने पति को तलाक देने के लिए वकीलों से सलाह करनी शुरू कर दी है।
एलिन यह जताने का प्रयास कर रही हैं कि उनका आगे का वैवाहिक जीवन सामान्य रहेगा लेकिन असल में वह अपने पति को छोड़ने का फैसला कर चुकी हैं।
वेबसाइट ने एलिन के एक करीबी दोस्त के हवाले से लिखा है कि वह अपने बच्चों की मौजूदगी में पति के साथ अंतिम बार क्रिसमस मनाना चाहती हैं। वह इस वर्ष के अंत तक वुड्स को छोड़ने का फैसला कर चुकी हैं।
एलिन के दोस्त ने कहा, "क्रिसमस पार्टी के दौरान एलिन यह जताने की कोशिश करेंगी कि वह वुड्स के साथ सामान्य हैं लेकिन दरअसल, वह इस पार्टी के ठीक बाद वुड्स के साथ संबंध विच्छेद कर लेंगी।"
एलिन के दोस्त ने कहा कि वुड्स की वफादार पत्नी होने के नाते उन्हें इस बात का बेहद दुख है कि वुड्स ने उनके साथ बेवफाई की है और इसे लेकर वह किसी भी सूरत में वुड्स को माफ करने की स्थिति में नहीं हैं।
उल्लेखनीय है कि वुड्स ने शनिवार को अपनी वेबसाइट के माध्यम से जानकारी दी थी कि वह अपनी शादीशुदा जिंदगी बचाने के लिए गोल्फ से अनिश्चितकाल के लिए संन्यास ले रहे हैं। इससे पहले एलिन ने कहा था कि वह अपने दो बच्चों के लिए वुड्स के साथ शादीशुदा जिंदगी जारी रखने को तैयार हैं।
29 नवंबर को फ्लोरिडा में हुई कार दुर्घटना के बाद कम से कम 11 महिलाओं ने वुड्स के साथ अवैध संबंधों की बात कही थी। इनमें से कई महिलाओं ने कहा था कि वुड्स ने उनके लिए एलिन और बच्चों को छोड़ने की बात कही थी।
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।