इस संबंध में चंडीगढ़ के पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) एच.एस. दून ने कहा, "दोनों टीमों को ताज होटल में ठहराया गया है। होटल के अंदर और बाहर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। होटल से मैदान जाते वक्त टीमों की सुरक्षा के लिए पुलिस मुस्तैद रहेगी। पूरे रास्ते भर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।"
चौथे मैच से पहले भारतीय टीम को भी झटका लगा है। सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर का इस मुकाबले में खेल पाना तय नहीं है। उनका स्थान लेने के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को टीम के साथ जुड़ने को कहा गया है।
शनिवार को दिल्ली में खेले गए तीसरे मुकाबले के दौरान सचिन तेंदुलकर के साथ पारी की शुरुआत करने गए सहवाग को पैर में और तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए गए गंभीर को क्षेत्ररक्षण के दौरान गले में चोट लगी थी।
तीसरे मुकाबले में आस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर भारत ने सात मैचों की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बना ली है। पहला मैच वडोदरा में खेला गया था। आस्ट्रेलिया ने यह मैच चार रन से जीता था जबकि नागपुर में खेले गए दूसरे मुकाबले में मेजबान टीम ने 99 रनों से जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।