बढ़त के इरादे से उतरेगा भारत
पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। टीम इंडिया के खिलाड़ियों का चोटिल होना टीम के लिए चिंता का विषय है।
श्रृंखला के पिछले दो मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजी फ्लॉप रही है जबकि शनिवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत जीत हासिल की थी।
लगभग 11 महीने बाद एकदिवसीय क्रिकेट में वापसी करने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के मांसपेशियों में खिंचाव के कारण श्रृंखला के बाकी मुकाबलों से बाहर होने से कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग, गौतम गम्भीर, और प्रवीण कुमार के बाद सचिन चौथे खिलाड़ी हैं जो चोट के कारण वर्तमान श्रृंखला से बाहर हुए हैं।
भारत ने केपटाऊन के न्यू लैंड्स मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के साथ अब तक दो एकदिवसीय मुकाबले खेले हैं और दोनों मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
भारत को 1992 में खेले गए पहले एकदिवसीय मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट से हराया था जबकि 2006 में खेले गए मुकाबले में मेजबान टीम ने मेहमान टीम को 106 रनों से मात दी थी।
इस लिहाज से देखा जाए तो इस मैदान पर दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी है। भारत ने हाल में संपन्न तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका को किंग्समीड मैदान पर 87 रनों से हराया था और इसके बाद खेले गए अंतिम और निर्णायक टेस्ट मैच को वह ड्रॉ कराने में सफल रहा था।
इस प्रकार दक्षिण अफ्रीका में भारत ने पहली बार टेस्ट श्रृंखला ड्रा कराने में सफलता हासिल की थी। जबकि डरबन के मोसेस माहिदा स्टेडियम में खेले गए एकमात्र ट्वेंटी-20 मैच में भारतीय टीम ने मेजबानों को 21 रनों से शिकस्त दी थी।
भारतीय टीम में सलामी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी तेंदुलकर के स्थान पर शामिल किए गए पार्थिव पटेल और मुरली विजय के कंधों पर होगी। हालांकि विजय अभी तक टीम को अच्छी शुरुआत देने में असफल रहे हैं।
पटेल ने हाल में लगभग छह वर्षो बाद न्यूजीलैंड के साथ खेली गई घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला में वापसी की थी। पटेल ने बेंगलुरू और चेन्नई में खेले गए एकदिवसीय मैचों में क्रमश: 53 और 56 रनों की पारी खेली थी।
मध्यक्रम की जिम्मेदारी सुरेश रैना, विराट कोहली और युवराज सिंह के कंधों पर होगी वहीं कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी एक बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। पिछले मैच में 53 रनों की पारी खेलने वाले युवराज सिंह पर एक बार फिर सबकी निगाहें होंगी।
तेज गेंदबाजी का दारोमदार जहीर खान, आशीष नेहरा और मुनाफ पटेल के कंधों पर होगी वहीं स्पिन की जिम्मेदार हरभजन सिंह सम्भालेंगे।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका की ओर से कप्तान ग्रीम स्मिथ, अब्राहम डिविलियर्स और जेपी ड्यूमिनी के कंधों पर बल्लेबाजी का दारोमदार रहेगा वहीं मध्यक्रम में जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हाशिम अमला टीम को मजबूती प्रदान करेंगे। वहीं तेज गेंदबाजी का आक्रमण डेल स्टेन, मोर्न मोर्कल और लोनवाबो त्सोत्सोबे सम्भालेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications