हैदराबाद। आखिरकार वो दिन आ ही गया, जिसका इंतजार ना जाने सानिया मिर्जा के चाहने वाले कब से कर रहे थे, जी हां यहां बात सानिया मिर्जा के मां बनने की हो रही है तो लीजिए वो खबर आ ही गई कि आपकी लाडली बेटी सानिया मिर्जा बहुत जल्द बेटे या बेटी को जन्म देने वाली हैं। सानिया के पिता और कोच इमरान मिर्जा ने इस बात की पुष्टि कर दी कि उनका प्रमोशन होने वाला हैं और वो नाना बनने जा रहे हैं, अगर सबकुछ तय कार्यक्रम के अनुसार हुआ तो सानिया अक्टूबर में बच्चे को जन्म देंगी।
आपको बता दें कि सानिया और शोएब मलिक ने आठ साल पहले 2010 में शादी रचाई थी, ये रिश्ता आसान नहीं था, क्योंकि सानिया जहां भारतीय हैं वहीं शोएब पाकिस्तानी हैं। इसलिए इस रिश्ते को लेकर काफी हाय-तौबा मची थी लेकिन सानिया-शोएब ने हर मुश्किलों और विरोध का डटकर सामना किया और लोगों को जता दिया, जहां प्यार और भरोसा होता है, वहां केवल प्यार ही जन्म लेता है और सानिया-शोएब के घर आने वाला नन्हा मेहमान उस बात का साक्षात उदाहरण है।
अपने होने वाले बच्चे के बारे में सानिया मिर्जा ने हाल ही में कहा था कि मैंने और शोएब दोनों ने तय किया है कि जब भी हमारा बच्चा होगा उसका सरनेम मिर्जा-मलिक रखेंगे। शोएब बेटी चाहते हैं। सानिया ने इस गुड न्यूज से संबंधित एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है उसमें एक तरफ मलिक लिखा हुआ है। वहीं बीच में मिर्जा-मलिक लिखा हुआ है। सानिया की इस खुशी पर लोग काफी खुश हैं और उन्हें दिल खोलकर बधाईयां दे रहे हैं।