केपटाऊन टेस्ट : 18 साल में पहली बार श्रृंखला बचाने में सफल रहा भारत (राउंडअप)
दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस को उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए मैन आफ द मैच और मैन आफ द सीरीज से नवाजा गया।
दक्षिण अफ्रीका ने श्रृंखला का पहला टेस्ट मैच पारी और 25 रन से जीता था। सचिन तेंदुलकर ने इस मैच में अपना 50वां शतक लगाकर इतिहास रचा था। इसके बाद भारत ने डरबन में दूसरा टेस्ट मैच 87 रन से जीतकर श्रृंखला बराबर की थी। इस जीत के साथ ही भारत का टेस्ट रैंकिंग में पहला स्थान बरकरार रहा। रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका दूसरे और इंग्लैंड तीसरे स्थान पर है।
अंतिम और निर्णायक टेस्ट मैच के आखिरी दिन जीत के लिए 340 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 82 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। आठ ओवरों का खेल बाकी था लेकिन इससे पहले ही दोनों कप्तान मैच समाप्त करने पर सहमत हो गए।
मैच समाप्त होने के वक्त मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर 14 और स्टाइलिश बल्लेबाज वी. वी. एस. लक्ष्मण 32 रन बनाकर नाबाद थे। सलामी बल्लेबाज गौतम गम्भीर ने भारत की ओर से दूसरी पारी में सर्वाधिक 64 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने 184 गेंदों का सामना किया और नौ चौके लगाए। वह तेज गेंदबाज डेल स्टेन की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए।
कभी भारतीय शीर्षक्रम की रीढ़ समझे जाने वाले राहुल द्रविड़ इस टेस्ट मैच में भी नाकाम रहे। द्रविड़ 31 रन बनाकर दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। द्रविड़ का विकेट 106 रन के कुल योग पर गिरा। तीन मैचों की इस श्रृंखला में बुरी तरह नाकाम रहे राहुल द्रविड़ ने 112 गेंदों पर चार चौके लगाए। वह तीन मैचों की छह पारियों में 14, 43, 25, 2, 5 और 31 रनों की पारियां खेल सके।
भारत ने गंभीर और द्रविड़ के अलावा अपने विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का विकेट गंवाया। सहवाग 11 रन बनाकर मोर्न मोर्कल की गेंद पर ग्रीम स्मिथ के हाथों लपके गए। भारत का यह विकेट 27 रन के कुल योग पर गिरा। सहवाग ने अपनी छवि के विपरीत 40 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके लगाए।
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 362 रन बनाए थे जबकि भारतीय टीम सचिन तेंदुलकर के 146 रनों की बदौलत अपनी पहली पारी में 364 रन बनाकर दो रनों की बढ़त हासिल करने में सफल रही थी।
इसके बाद मेजबान टीम ने जैक्स कैलिस (109 नाबाद) के 40वें टेस्ट शतक की बदौलत अपनी दूसरी पारी में 341 रन बनाकर भारत के सामने 340 रनों का लक्ष्य रखा। भारत की ओर से दूसरी पारी में हरभजन सिंह ने सात विकेट लिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications