बहरीन से बुरी तरह हारा भारत
बहरीन से हारकर भारतीय टीम एशियन फ़ुटबॉल कप प्रतियोगिता से बाहर हो गई है. शुक्रवार को हुए एक मैच में बहरीन ने भारत को 5-2 से मात दे दी.
दोहा में चल रही इस प्रतियोगिता में भारत अपना पहला मैच ऑस्ट्रेलिया से 4-0 से हार गया था. बहरीन के ख़िलाफ़ मैच में भारत ने अपेक्षाकृत अच्छा प्रदर्शन किया और दो गोल मारने में भी सफलता पाई.
लेकिन फ़ीफ़ा रैंकिंग में 93वें स्थान पर मौजूद बहरीन के ख़िलाफ़ मैच में भारत जीत नहीं हासिल कर पाया. नतीजा वो प्रतियोगिता से बाहर हो गया है.
भारत का आख़िरी मैच 18 जनवरी को उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ है, लेकिन इसके नतीजे से भारत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है.
इस मैच में बहरीन के स्ट्राइकर इस्माइल अब्दुल लतीफ़ ने प्रतियोगिता की पहली है-ट्रिक लगाते हुए कुल चार गोल मारे. जबकि एक और गोल उनके साथी खिलाड़ी फ़ौज़ी आतिश ने किया.
अब्दुल लतीफ़ ने मैच के 16वें, 19वें, 35वें और 77 वें मिनट में गोल किया. भारत की ओर गौरमांगी सिंह और सुनील छेत्री ने गोल किए.
भारत की ओर से सुनील छेत्री (बाएँ) ने एक गोल किया
इस मैच में भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया और शुरुआत भी अच्छी हुई. लेकिन गोलकीपर की कुछ ग़लतियाँ और फिर दबाव के कारण पहले हाफ़ तक भारत की टीम 1-4 से पिछड़ गई.
दूसरे हाफ़ में सुनील छेत्री और अभिषेक यादव ने अच्छे प्रदर्शन से बहरीन पर दबाव तो बनाया लेकिन वे गोल नहीं कर पाए. छेत्री ने गोल करने के कुछ अच्छे मौक़े गँवाए.
फ़ौज़ी आतिश को मैदान से बाहर किए जाने का भी भारतीय खिलाड़ी फ़ायदा नहीं उठा पाए और आख़िरकार बहरीन ने भारत को 5-2 से मात दे दी.
इस जीत के साथ बहरीन के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँचने की उम्मीदें क़ायम हैं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
