मेलबर्न एकदिवसीय : वाटसन शतक के करीब, आस्ट्रेलिया 142 रन पीछे (लीड-2)
सलामी बल्लेबाज शेन वॉटसन ने 105 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 97 रन बनाए हैं वहीं माइकल क्लार्क 28 गेंदों पर 14 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। आस्ट्रेलिया अभी भी लक्ष्य से 142 रन पीछे है जबकि उसके नौ विकेट अभी भी शेष हैं।
ब्रैड हैडिन 39 रन बनाकर ग्रीम स्वान की गेंद पर शहजाद को कैच थमाकर चलते बने। हैडिन ने 47 गेंदों पर पांच चौके लगाए। वॉटसन और हैडिन ने पहले विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी की।
इससे पहले, केविन पीटरसन (78) और कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस (63) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत इंग्लैंड ने 49.4 ओवरों में 294 रन बनाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत धमाकेदार रही और उसके सलामी बल्लेबाज स्ट्रॉस और स्टीव डेविस (42) ने पहले विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी की।
पीटरसन ने 75 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्के लगाए जबकि स्ट्रॉस ने 65 गेंदों पर छह चौके लगाए।
डेविस ने 35 गेंदों पर पांच चौके लगाए। डेविस को डेविड हसी ने बोल्ड किया। जोनाथन ट्रॉट छह रन के निजी योग पर हसी की गेंद पर विकेटकीपर ब्रैड हैडिन को कैच थमाकर चलते बने। स्ट्रॉस को ब्रेट ली ने माइकल क्लार्क के हाथों लपकवाया।
इयान बेल 23 के निजी योग पर स्टीव स्मिथ की गेंद पर क्लार्क को कैच थमाकर चलते बने। बेल ने पीटरसन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी की। इयोन मोर्ग को आठ रन के निजी योग पर स्मिथ ने केमरुन व्हाइट के हाथों कैच करवाया।
माइकल यार्डी ने नौ रन बनाए। यार्डी ने पीटरसन के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 50 रन जोड़े। यार्डी को डगलस बोलिंगर ने माइकल हसी के हाथों कैच करवाया। पीटरसन को मिशेल जॉनसन ने एक सीधे थ्रो पर रनआउट किया।
टिम ब्रेसनन ने 27 गेंदों पर चार चौके की मदद से 28 रन बनाए। ब्रेसनन को ली ने जेवियर डोर्थी के हाथों कैच करवाया। इसके अलावा क्रिस ट्रेमलेट ने सात रन बनाए जबकि ग्रीम स्वान ने चार रन का योगदान दिया। अजमल शहजाद नौ रन पर नाबाद लौटे।
आस्ट्रेलिया की ओर से ली, स्मिथ, जॉनसन और हसी ने दो-दो विकेट झटके जबकि बोलिंगर के खाते में एक विकेट गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications