वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला के पहले मैच में हिफेनहास की घुटने में चोट लग गई थी। वह दो सप्ताह तक मैदान से बाहर रहेंगे। ऐसे में शुक्रवार से एडीलेड में शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच में वह नहीं खेलेंगे।
आस्ट्रेलिया में चयन समिति के प्रमुख एंड्रयू हिल्डिच ने कहा कि पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन को देखते हुए हिफेनहास का चोटिल होना निराशाजनक है लेकिन उम्मीद है कि वह तीसरे टेस्ट तक फिट हो जाएंगे। तीसरा टेस्ट 16 दिसंबर से पर्थ में खेला जाएगा।
गाबा में हिफेनहास ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में दो और दूसरी में तीन विकेट लिए थे। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। उल्लेखनीय है कि इस मैच में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को पारी और 65 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
आस्ट्रेलियाई टीम के फिजियोथेरेपिस्ट एलेक्स कुंतोरिस ने कहा कि हिफेनहास के घुटने में हमेशा से परेशानी रही है। भारत के साथ खेली गई सात मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान भी वह इस समस्या से परेशान रहे थे।
बकौल कुंतोरिस, "लगातार खेले जा रहे मैचों के बढ़ते दबाव ने हिफेनहास की चोट को पूरी तरह ठीक होने का समय नहीं दिया। इसी कारण हमने उन्हें एडीलेड टेस्ट में नहीं खेलने की सलाह दी है। अगले दो सप्ताह तक वह गहन सुधार कार्यक्रम से गुजरेंगे। आशा करता हं कि इसके बाद वह तीसरे टेस्ट मैच के लिए टीम को अपनी सेवाएं दे सकेंगे।"
दूसरे टेस्ट के लिए आस्ट्रेलियाई टीम इस प्रकार है : रिकी पोंटिंग, माइकल क्लार्क, शेन वॉटसन, डगलस बोलिंगर, ब्रैड हेडिन, नेथन हॉरित्ज, माइकल हसी, मिशेल जानसन, साइमन कैटिच, क्लिंट मैके, मार्कस नॉर्थ और पीटर सिडल।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।