पॉन्टिंग की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने पिछले विश्व कप के अलावा कई टूर्नामेंट जीते हैं
ऐशेज़ क्रिकेट शृंखला में मिली हार के बाद तमाम आलोचनाओं के बीच भी ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने रिकी पॉन्टिंग पर ही भरोसा जताते हुए उन्हें विश्व कप के लिए टीम की कमान सौंपी है.
इस बीच चोट का सामना कर रहे बल्लेबाज़ माइक हसी को भी अंतिम 15 बल्लेबाज़ों में चुना गया है. उनके भाई डेविड हसी पहली बार विश्व कप में खेलेंगे.
कई बार चोटों की वजह से टीम से बाहर रह चुके तेज़ गेंदबाज़ ब्रेट ली भी इस ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा हैं.
अब तक हुए नौ में से चार विश्व कप जीत चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पिछले तीनों विश्व कप जीते हैं और अब विश्व कप के लिए चुनी गई टीम ही इंग्लैंड के विरुद्ध जारी वनडे सिरीज़ में खेलेगी.
चयनकर्ताओं के प्रमुख ऐंड्रयू हिल्डिच का कहना था कि उन्होंने एक संतुलित टीम चुनी है जिसमें स्टीव स्मिथ और टिम पेन जैसे युवा खिलाड़ी शामिल हैं.
हिल्डिच ने कहा, "हमने एक ऐसी टीम चुनी है जो लगातार चौथी बार विश्व कप जीतने में सक्षम है. इसमें रिकी पॉन्टिंग, माइकल क्लार्क और ब्रेट ली जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं तो साथ ही स्टीव स्मिथ जैसी युवा प्रतिभा भी शामिल है."
इस टीम में से शॉन टेट, शेन वॉटसन, माइक हसी, मिचल जॉनसन और ब्रैड हैडिन वो खिलाड़ी हैं जो पिछले बार की विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा भी थे.
ऑस्ट्रेलिया ग्रुप ए में है और उसके साथ ज़िम्बाब्वे, न्यूज़ीलैंड, श्रीलंका, कीनिया, कनाडा और पाकिस्तान जैसी टीमें हैं.
टीम- रिकी पॉन्टिंग (कप्तान), माइकल क्लार्क, डग बॉलिंजर, ब्रैड हैडिन, जॉन हेस्टिंग्स, नेथन हॉरित्ज़, डेविड हसी, माइक हसी, मिचल जॉनसन, ब्रेट ली, टिम पेन, स्टीव स्मिथ, शॉन टेट, शेन वॉटसन, कैमरन व्हाइट