बारिश रुकी, पांच बजे अंपायर करेंगे मैदान का मुआयना (लीड-2)
चक्रवाती तूफान 'फयान' के बुधवार को भारत के पश्चिमी तटीय इलाकों में पहुंचने की संभावना जताई गई थी लेकिन गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में अब इसका असर कम होता दिख रहा है। मुंबई हालांकि इस तूफान के रास्ते में सीधे तौर पर आती नहीं दिख रही है लेकिन इसके बावजूद सुबह से ही यहां का मौसम काफी खराब हो गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुंबई में 4.30 बजे तक बारिश थम गई थी लेकिन तेज हवाएं चल रही थीं। जैसा कि पहले घोषणा की गई थी, अंपायर पांच बजे मैदान का मुआयना करेंगे। इस बीच, मैदान में जमे पानी को निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो शाम छह बजे तक मैच शुरू हो सकता है। ऐसे में ओवरों में कटौती की जा सकती है।
वेबसाइट 'वेदर डॉट कॉम' के मुताबिक मुंबई में शाम चार बजे तक 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रहीं थीं। दोपहर दो बजे की तुलना में उसकी रफ्तार में तेजी आई है लेकिन अब उसमें वृद्धि की संभावना नहीं देखी जा रही है।
बारिश के साथ-साथ तूफान की आशंका के कारण यहां के दो आयोजन स्थलों पर खेले जाने वाले दो प्रथम श्रेणी के मैचों के दिन का खेल रद्द कर दिया गया। श्रीलंका और बोर्ड अध्यक्ष एकादश के बीच खेले जाने वाले तीन दिवसीय अभ्यास मैच के पहले दिन का खेल रद्द कर दिया गया है जबकि मुंबई और उड़ीसा के बीच खेले जा रहे रणजी मुकाबले के दूसरे दिन का भी खेल नहीं हो सका।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications