एक समय जब यूसुफ पठान (59) ताबड़तोड़ रन बना रहे थे तब भारत के लिए जीत आसान दिख रही थी लेकिन पठान के आउट होते ही मैच दक्षिण अफ्रीका के पाले में जाता दिखा। लेकिन हरभजन सिंह की जुझारू पारी (23) और आशीष नेहरा ने विजयी शॉट चौका लगाकर भारत को जीत दिला दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम 49.2 ओवर में 220 रन बनाकर आल आउट हो गई। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 48.2 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 223 रन बना लिए।
भारत की ओर से यूसुफ पठान ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 50 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 59 रन बनाए। डेल स्टेन की गेंद पर वह मोर्केल के हाथों कैच आउट हुए।
भारत का पहला विकेट मुरली विजय के रूप में तीसरे ओवर में गिरा। वह महज एक रन बनाकर डेल स्टेन की गेंद पर स्टेन को ही कैच थमाकर चलते बने। विराट कोहली 15वें ओवर में 48 गेंदों में चार चौके की मदद से 28 रन बनाकर मोर्केल की गेंद पर डिविलियर्स को कैच थमा बैठे। रोहित शर्मा 17वें ओवर में 45 गेंदों में दो चौके की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। मोर्केल की गेंद पर वह बोल्ड हो गए।
इसके बाद 20वें ओवर में कप्तान महेंद्र सिंह धौनी जोहान बोथा की गेंद पर डिविलियर्स को कैच दे बैठे। उन्होंने पांच रन बनाए।
युवराज सिंह 27 गेंदों में दो चौके की मदद से 16 रन बनाकर ड्यूमिनी की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। सुरेश रैना ने 47 गेंदों में चार चौके की मदद से 37 रन बनाए। मोर्केल की गेंद पर डिविलियर्स ने उनका कैच लपका। जहीर खान ने 25 गेंदों में दौ चौके की मदद से 14 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से मोर्केल ने तीन और डेल स्टेन ने दो विकेट हासिल किए। बोथा और ड्यूमिनी, त्सोत्सोबे को एक-एक विकेट मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम 49.2 ओवर में 220 रन बनाकर आल आउट हो गई। अफ्रीका की ओर से जेपी. ड्यूमिनी ने 52, फाफ डू प्लेसिस ने 60 और कप्तान ग्रीम स्मिथ ने 43 रनों की उपयोगी पारियां खेली।
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मैच में एक समय दक्षिण अफ्रीकी टीम 90 रनों पर अपने चार महत्वपूर्ण विकेट गंवा कर संघर्ष कर रही थी लेकिन जेपी. ड्यूमिनी और अपना पहला मैच खेल रहे फाफ डू प्लेसिस ने पांचवें विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी कर टीम को उबारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन दोनों बल्लेबाजों के सूझबुझ भरे प्रदर्शन के चलते दक्षिण अफ्रीकी टीम सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
ड्यूमिनी ने 59 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 52 और प्लेसिस ने 78 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 60 रनों की उम्दा पारी खेली। इन दोनों के अलावा कप्तान ग्रीम स्मिथ ने 79 गेंदों पर 43 रन बनाए।
भारत को पहली सफलता तेज गेंदबाज जहीर खान ने दिलाई। 31 रन के योग पर दक्षिण अफ्रीका का पहला विकेट गिरा। जहीर ने अमला को 16 रन के निजी योग पर बोल्ड किया। अमला ने 18 गेंदों पर दो चौके लगाए।
ऑफ स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। हरभजन ने कोलिन इन्ग्राम को 10 के निजी योग पर विराट कोहली के हाथों लपकवाया। उस समय टीम का स्कोर 49 रन था।
अब्राहम डिविलियर्स 16 रन के निजी योग पर यूसुफ पठान की गेंद पर जहीर खान को कैच थमाकर चलते बने। डिविलियर्स का विकेट 83 रन के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद कप्तान स्मिथ भी अपना आपा खो बैठे और हरभजन की गेंद पर कोहली को कैच दे बैठे। स्मिथ ने 79 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 43 रन बनाए। स्मिथ का विकेट 90 के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद ठीक 200 के कुल योग पर दक्षिण अफ्रीका का पांचवा विकेट गिरा। प्लेसिस 60 रन बनाकर आउट हुए। मुनफ पटेल ने कोहली के हाथों उन्हें लपकवाया। इसके बाद 46वें ओवर में ड्यूमिनी भी चलते बने। जहीर खान ने उन्हें बोल्ड किया।
जोहान बोथा (9), वायने पार्नेल (5), डेल स्टेन (5), मोर्न मोर्कल (0) और लोनबावो त्सोत्सोबे कुछ खास नहीं कर सके।
भारत की ओर से जहीर खान ने तीन तथा हरभजन सिंह व मुनफ पटेल ने दो-दो जबकि यूसुफ पठान ने एक विकेट हासिल किया। दक्षिण अफ्रीका के दो खिलाड़ी रन आउट हुए।
इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। दोनों टीमों ने इस मैच के लिए एक-एक परिवर्तन किए हैं। भारत की ओर से सचिन तेंदुलकर की जगह हरफनमौला यूसुफ पठान को शामिल किया गया है जबकि दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेविस मिलर की जगह फाफ डू प्लेसिस को अंतिम एकादश टीम में शामिल किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।