चार्ल्सटन| एक बार फिर से भारत की होनहार बेटी सानिया मिर्जा मे देश को मुस्कुराने का मौका दिया है, जी हां भारत की आन-बान-शान सानिया मिर्जा ने स्विट्जरलैंड की अपनी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के साथ फेमिली सर्किल कप खिताब जीत लिया। इसके साथ ही सानिया सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त महिला युगल खिलाड़ी हो गईं। सानिया यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला टेनिस खिलाड़ी भी बन गईं।
आपको बता दें कि शीर्ष वरीयता प्राप्त सानिया-हिंगिस की जोड़ी ने रविवार को हुए फाइनल मुकाबले में केसी डेलाक्वा और दारिजा जुराक की जोड़ी को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-4 से हरा दिया। सानिया युगल या एकल किसी भी वर्ग में सर्वोच्च विश्व वरीयता पाने वाली पहली भारतीय और चौथी एशियाई महिला खिलाड़ी बन गईं।
जानिए भारत की आन-बान-शान सानिया मिर्जा के बारे में 10 खास बातें
देश के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सानिया मिर्जा को इस कामयाबी पर बधाई दी है।
Heartiest Congratulations Sania on becoming world no 1 player in Tennis Doubles #PresidentMukherjee
— President of India (@RashtrapatiBhvn) April 12, 2015 मालूम हो कि सानिया मिर्जा ने हाल ही में कहा था कि वो विश्वनंबर 1 की खिलाड़ी बनना चाहती हैं। इसलिए ही शायद मैच के बाद ट्रॉफी लेते हुए सानिया ने कहा, "दुनिया में नंबर-1 बनना किसी भी बच्चे के लिए सपने के सच होने जैसा होता है।"
सानिया ने की मार्टिना हिंगिस की दिल खोलकर तारीफ
सानिया ने कहा, "यह उपलब्धि में हिंगिस से बेहतर किसी अन्य के साथ हासिल करने के बारे में सोच भी नहीं सकती थी। जब हम यहां आए थे तो हमारे दिमाग में एक ही बात थी, शीर्ष पर पहुंचना और हिंगिस ने वास्तव में इसमें मेरी बहुत मदद की। उन्होंने मुझे बीते कुछ कठिन सप्ताहों में काफी मदद की।"
नंबर वन बनना सपना सच होने जैसा है
गौरतलब है कि इस वर्ष लगातार तीसरा खिताब जीतने वाली सानिया-हिंगिस की जोड़ी को वर्ष के आखिरी टूर्नामेंट डब्ल्यूटीए फाइनल्स में पहले ही शीर्ष वरीयता दी जा चुकी है।