oi-Staff
नई दिल्ली। पिछले सप्ताह अच्छा प्रदर्शन करने वाली देश की सर्वोच्च वरीय महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और शीर्ष वरीय पुरुष खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन को एकल रैंकिंग में फायदा हुआ है। सानिया ने जहां महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) की रैंकिंग में नौ स्थान की छलांग लगाई है वहीं पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) के वरीयता क्रम में सोमदेव को 13 स्थान का फायदा हुआ है।
सानिया एकल रैंकिंग में 74वें स्थान पर पहुंच गई हैं जबकि सोमदेव 140वें क्रम के साथ आने वाली प्रतियोगिताओं में अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
युगल रैंकिंग में कोई परिवर्तन नहीं
सोमदेव ने लास एंजेलिस ओपन के क्वालीफाईंग दौर में अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके बाद वह लेग मैसन टूर्नामेंट के तीसरे दौर तक पहुंचे। इस दौरान सोमदेव ने 15वीं वरीयता प्राप्त क्रोएशियाई खिलाड़ी मारिन सेलिक को हराया लेकिन इवो कार्लोविक के हाथों हार गए।
दूसरी ओर, लगातार दूसरे एटीपी खिताब के लिए प्रयास करने वाली सानिया भले ही रविवार को वेंकूवर ओपन के फाइनल में हार गईं लेकिन वह अपना वरीयता क्रम 74वें स्थान तक ले जाने में सफल रहीं। युगल रैंकिंग में सानिया नफा-नुकसान से दूर रही हैं। वह पिछले सप्ताह की तरह इस सप्ताह भी 49वें क्रम पर कायम हैं।
एकल वर्ग में प्रकाश अमृतराज को तीन स्थान का फायदा हुआ है। प्रकाश एटीपी के वरीयता क्रम में 261वें स्थान पर पहुंच गए हैं। पुरुषों के युगल वर्ग में लिएंडर पेस और महेश भूपति भी इस सप्ताह नफा-नुकसान से दूर ही रहे। लिएंडर जहां छठे क्रम पर कायम हैं वहीं भूपति नौैवें क्रम पर बने हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
MyKhel से प्राप्त करें ब्रेकिंग न्यूज अलर्ट.
Allow Notifications
You have already subscribed
Story first published: Tuesday, August 11, 2009, 13:38 [IST]
Other articles published on
Aug 11, 2009