न्यूजीलैंड में जीत से बढ़ेगा विश्व कप के लिए आत्मविश्वास : अफरीदी
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच छह एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला 22 जनवरी से खेली जाएगी। पाकिस्तान टीम इस समय न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट मैच खेल रही है।
अफरीदी ने अपने साथी खिलाड़ियों से न्यूजीलैंड के साथ खेली जाने वाली एकदिवसीय श्रृंखला में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में विश्व कप का आयोजन 19 फरवरी से दो अप्रैल तक होगा।
'द न्यूज' ने अफरीदी के हवाले से कहा, "यह एक महत्वपूर्ण श्रृंखला होने जा रही है। इस समय हमारी टीम को बड़ी जीत की जरूरत है जिससे विश्व कप में जाने से पहले खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा रहे। यही कारण है कि हम श्रृंखला जीतना चाहते हैं।"
अफरीदी ने कहा, " व्यक्तिगत प्रदर्शन से केवल एक या दो मैच जीते जा सकते हैं लेकिन आपको अगर श्रृंखला जीतनी है उसके लिए प्रत्येक खिलाड़ी का लगातार शानदार प्रदर्शन करना जरूरी है।"
पाकिस्तान ने 1992 में विश्व कप का खिताब जीता था। इसके बाद 2003 और 2007 के विश्व कप में वह बुरी तरह फ्लॉप रहा था जबकि 1999 के विश्व कप में उसने फाइनल तक का सफर तय किया था।
विश्व कप के बारे में अफरीदी का कहना है, " मुझे मेरी टीम पर पूरा विश्वास है।"
30 वर्षीय अफरीदी ने 306 एकदिवसीय मुकाबलों में 6, 431 रन बनाने के साथ-साथ 288 विकेट भी चटकाए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications