सानिया मिर्ज़ा रैंकिंग में काफ़ी नीचे हैं
भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा ने साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के लिए क्वालीफ़ाई कर लिया है.
क्वालीफ़ाइंड राउंड के आख़िरी मैच में उन्होंने कनाडा की स्टेफ़नी डुबोइस को सीधे सेटों में मात दी.
24वीं वरीयता प्राप्त सानिया मिर्ज़ा ने एक घंटे 13 मिनट चले इस मैच में डुबोइस को 6-2 और 6-3 से मात दे दी.
डब्लूटीए रैंकिंग में काफ़ी नीचे रहने के कारण सानिया मिर्ज़ा को क्वालीफ़ाइंग राउंड खेलना पड़ा. पिछले सीज़न में चोट के कारण वे कई प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाईं.
इस कारण वे डब्लूटीए रैंकिंग में 145वें स्थान पर चली गई थी.
लेकिन क्वालीफ़ाइंग राउंड में जीत के बाद उन्हें ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस के मुख्य ड्रॉ में जगह मिल गई है.
साल की पहली ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिता ऑस्ट्रेलियन ओपन सोमवार से शुरू हो रहा है.
इससे पहले पुरुष वर्ग के सिंगल्स में भारत के सोमदेव देववर्मन को वाइल्ड कार्ड के ज़रिए मुख्य ड्रॉ में सीधे प्रवेश मिला है.