भारत की सानिया मिर्ज़ा ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस प्रतियोगिता में महिला युगल मुकाबलों के दूसरे दौर में पहुँच गई हैं.
दसवीं वरीयता प्राप्त सानिया मिर्ज़ा और स्पेन की वर्जीनिया रुआनो पास्कुअल ने महिला युगल मुकाबलों के पहले दौर में इंडोनीशिया की यायूक बसाकी और जापान की किमीको दाते क्रुम की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से हराया.
जबकि पुरुषों के युगल मुकाबलों के पहले दौर के एक मैच में भारत के महेश भूपति और बेलारूस के मैक्स मिरनी की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा. चौथी वरीयता प्राप्त भूपति और मिरनी की जोड़ी को जर्मनी के मिकाएल कोहलमन और फ़िनलैंड के जारको निएमिनेन की जोड़ी ने 6-4,6-4 से मात दी.
भूपथी और मिरनी की जोड़ी के लिए पहले दौर में मिली हार एक करारा झटका है क्योंकि ये जोड़ी 2004 के ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब के अंतिम आठ में जगह बना चुकी है और 2004 के बाद ये दोनों खिलाड़ी पहली बार एक साथ टेनिस कोर्ट पर उतरे थे.
पुरुषों के डबल्स मुक़ाबले में एक और भारतीय जोड़ी उतरी है. सोमदेव देवबर्मन और प्रकाश अमृतराज भी पहले दौर का मैच जीतकर दूसरे दौर में पहुँच चुके हैं.
ऑस्ट्रेलियन ओपन में पुरुषों के एकल मुकाबलों में हुए दूसरे दौर के एक मैच में पहली वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्विट्ज़रलैंड के रॉजर फ़ेडरर ने रोमानिया के विक्टर हानेस्कू को एक आसान मैच में 6-2,6-3,6-2 से हरा कर तीसरे दौर में जगह बनाई.
तीन बार ऑस्ट्रेलियन ओपन ख़िताब जीत चुके रॉजर फ़ेडरर ने मैच में एक बार भी अपनी सर्विस नहीं टूटने दी और अब तासरे दौर में उनकी भिडंत स्पेन के अलबर्ट मोंटानेस से होगी. महिलाओं के एकल मुकाबलों में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला जब विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया की एना इवानोविच को दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा.
एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में इवानोविच को अर्जेंटीना की जिसेला डुल्को ने तीन सेटों में 6-7(6-8),7-5,6-4 से हरा कर तीसरे दौर में प्रवेश किया.