पर इसका यह क़तई मतलब नहीं है कि सानिया टेनिस के रैकेट को अलविदा कहने जा रही है. सानिया के पिता का कहना है कि शादी तय हुई है पर निकाह कुबूल होने में अभी वक़्त है.
सानिया मिर्ज़ा से जिस शख़्स की शादी तय हुई है उसका नाम शोहराब बताया जा रहा है. शोहराब का ताल्लुक हैदराबाद के एक व्यावसायी परिवार से है.
यूनिवर्सल बेकरी रेंज और रियल स्टेट में अपनी कामकाज के लिए जाने जाने वाले इस परिवार के संबंध सानिया के परिवार से नज़दीकी बताए जाते हैं.
सानिया की सगाई की बात को उनके पिता इमरान मिर्ज़ा ने एक बयान जारी कर पुष्ट कर दिया है.
अपने बयान में उन्होंने कहा, "सानिया की सगाई मोहम्मद शोहराब मिर्ज़ा से तय हो गई है, जिनका परिवार हैदराबाद का ही है. दोनों परिवारों के बीच दशकों से अच्छे संबंध रहे हैं. हालांकि शादी में अभी वक़्त है."
टेनिस को अलविदा नहीं
सानिया अभी खेलना जारी रखेंगी
पर क्या शादी के लिए तैयार सानिया के लिए यह टेनिस को अलविदा कहने का वक़्त है. सानिया के पिता इस बात को सिरे से खारिज करते हैं.
उन्होंने कहा कि सानिया का खेलना जारी रहेगा. इससे उनके करियर पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है. शादी होने में अभी कुछ समय लगेगा और इसे दोनों परिवार बैठकर तय करेंगे.
बताया जा रहा है कि शोहराब मिर्ज़ा का परिवार तीन पीढ़ी पहले ईरान से आया था.
यह भी जानकारी मिल रही है कि शोहराब भी फिलहाल ब्रिटेन में अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए जाएंगे, तो शादी के लिए फिलहाल इंतज़ार कीजिए.
हैदराबाद इस बात को लेकर खुश है कि डोली भी वहीं से उठेगी और दुल्हन का स्वागत भी वहीं होगा.