उमर फ़ारूक़
बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद से
भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा की सोहराब मिर्ज़ा से सगाई टूट गई है.
उनके पिता इमरान मिर्ज़ा ने इस बात की पुष्टि करते हुए एक संदेश मीडिया को भेजा है.
इसमें उन्होंने इसकी वजह सानिया और सोहराब के बीच सामंजस्य न बैठने को बताया है.
एक अन्य बयान में 23 वर्षीय सानिया ने भी इसकी पुष्टि की है.
उनका कहना था,''हम पिछले पाँच वर्षों से दोस्त थे लेकिन हमने सगाई के दौरान पाया कि हममें सामंजस्य नहीं बैठ पा रहा है. मैं सोहराब के प्रति शुभकामनाएँ व्यक्त करती हूँ.''
सानिया और सोहराब दोनों मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं और दोनों के परिवार हैदराबाद में रहते हैं और अर्से से एकदूसरे को जानते हैं.
सोहराब मिर्ज़ा के पिता आदिल मिर्ज़ा यूनिवर्सल बेकरी के मालिक है, साथ ही उनका प्रोपर्टी का भी कारोबार है.
इमरान मिर्ज़ा ने कहा कि सगाई टूट जाने से दोनों परिवारों की दोस्ती पर असर नहीं पड़ेगा और ये फ़ैसला दोनों परिवारों ने चर्चा के बाद लिया है.
आदिल मिर्ज़ा ने कहा,''हम बच्चों की खुशी के लिए इस पर सहमत हो गए.''
हालांकि कुछ दिनों पहले सानिया मिर्जा़ की ओर से बयान आया था कि वो शादी के बाद टेनिस से संन्यास ले लेंगी.
अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में 34 वें नंबर तक पहुँचने वाली सानिया का करियर चोटों से प्रभावित रहा है.
टेनिस कोर्ट पर अपने आक्रामक अंदाज़ और ख़ूबसूरती के लिए वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफ़ी लोकप्रिय रही हैं.