विश्व की नंबर दो महिला बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल को वर्ष 2009-10 के लिए खेल रत्न पुरस्कार से नवाज़ा जाएगा.
खेल जगत से जुड़ा भारत सरकार की ओर से दिया जाने वाला ये सबसे बड़ा सम्मान है.
साइना के कोच पी गोपीचंद ने साइन को मिलने वाले इस पुरस्कार पर ख़ुशी जताई है.
पिछले एक साल में साइना ने खेल जगत में नई बुलंदियाँ छुई हैं. उन्होंने लगातार तीर अंतरराष्ट्रीय ख़िताब जीते हैं- इंडियन ओपन ग्रां प्री, सिंगापुर ओपन सुपर सीरिज़ और इंडोनेशियन ओपन. वे रैंकिंग में दूसरी पायदन पर पहुँच गई हैं.
ओलंपिक में बैडमिंटन के एकल मुकाबले में क्वार्टरफ़ाइनल तक पहुंचने वाली वे पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं.
खेल रत्न पुरस्कार उन्हें 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर राष्ट्रपति भवन में दिया जाएगा.
साइना दिल्ली में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चुने गए ब्रांड एम्बेसडर खिलाड़ियों में से एक हैं.
पेरिस में अगस्त महीने में विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में साइन भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.इसके बाद अक्तूबर महीने में वो कॉमनवेल्थ गेम्स और फिर एशियाड में भी भाग लेंगी.