श्रीसंत चमके, भारत को मिली 413 रनों की बढ़त (लीड-4)
इस तरह श्रीलंकाई टीम फॉलोऑन खेलने के लिए उतरना पड़ा। भारतीय टीम की ओर से श्रीसंत ने पांच विकेट लिए जबकि लेग स्पिनर प्रज्ञान ओझा और हरभजन सिंह ने दो-दो सफलताएं अर्जित कीं। जहीर खान को एक विकेट मिला। श्रीलंका की ओर से पहली पारी में सलामी बल्लेबाज थरंगा परानाविताना ने 38, कप्तान कुमार संगकारा ने 44, माहेला जयवर्धने ने 47 और प्रसन्ना जयवर्धने ने 39 रनों की पारी खेली।
भारतीय टीम ने गौतम गंभीर (167), राहुल द्रविड़ (144), वीरेंद्र सहवाग (131), युवराज सिंह (67) और वी.वी.एस. लक्ष्मण (63) की बदौलत अपनी पहली पारी में 642 रन बनाए थे। सचिन तेंदुलकर ने भी 40 रनों का योगदान दिया था। श्रीलंका की ओर से स्पिन गेंदबाज रंगना हेराथ ने सर्वाधिक पांच विकेट लिए थे। अहमदाबाद में खेला गया तीन मैचों की श्रृंखला का पहला टेस्ट मैच ड्रा हो गया था।
पहले और दूसरे दिन बल्लेबाजों को मदद पहुंचाने वाली ग्रीन पार्क की पिच ने तीसरे दिन पैंतरा बदला और गेंदबाजों की चहेती बन गई। इसका फायदा उठाकर श्रीसंत ने एक-एक करके पांच विकेट अपने नाम किए और यह साबित कर दिया कि अनुशासनहीनता के मामले में पिछले दिनों फटकार लगाए जाने के बावजूद वह भारत के लिए बेहद उपयोगी गेंदबाज हैं।
श्रीलंकाई टीम ने जब तीसरे दिन एक विकेट के नुकसान पर 66 रन से आगे खेलना शुरू किया, तब नाबाद लौटे बल्लेबाज थरंगा परानाविताना और कप्तान कुमार संगकारा पर पारी को संवारने तथा कम से कम पहला सत्र बिना किसी नुकसान के निकालने की जिम्मेदारी थी।
खेल के शुरुआती क्षणों में दोनों बल्लेबाज इस काम में काफी हद तक सफल होते दिखे लेकिन 82 रन के कुल योग पर परानाविताना के पेवेलियन लौटते ही पासा पलट गया। यह विकेट श्रीसंत के खाते में गया। इसके बाद तो मानो भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को फॉलोऑन कराने की कसम खा ली। इस काम में ओझा और हरभजन ने उनकी भरपूर सहायता की।
परानाविताना 38 और संगकारा 44 रन बनाकर श्रीसंत का शिकार बने। इसके बाद श्रीसंत ने थिलान समरवीरा को भी पेवेलियन की राह दिखा दी। समरवीरा ने दो रन बनाए। एंजेलो मैथ्यूज भी 13 रनों के निजी स्कोर पर हरभजन सिंह गेंद पर आउट हुए।
श्रीलंकाई टीम ने दूसरे दिन ही तिलकरत्ने दिलशान के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया था। दिलशान बिना कोई रन बनाए जहीर खान का शिकार बन गए थे। दिलशान ने अहमदाबाद टेस्ट में शानदार शतक लगाया था।
भोजनकाल के बाद श्रीसंत ने श्रीलंकाई टीम को आठवां झटका दिया। रंगना हेराथ (6) को बोल्ड करके श्रीसंत ने मैच में पांचवीं सफलता हासिल की। रंगना के पेवेलियन लौटने से ठीक पहले ओझा ने माहेला जयवर्धने का विकेट चटकाया था।
यह ओझा के टेस्ट करियर का पहला विकेट है। माहेला ने 125 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 47 रन बनाए। इससे ठीक पहले श्रीसंत ने विकेटकीपर बल्लेबाज प्रसन्ना जयवर्धने (39) को पेवेलियन की राह दिखाकर अपना चौथा विकेट झटका था।
श्रीलंकाई टीम ने भोजनकाल तक पांच विकेट पर 138 रन बनाए थे। भोजनकाल के तुरंत बाद श्रीसंत ने प्रसन्ना को कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के हाथों विकेट के पीछे कैच करा दिया। प्रसन्ना ने 75 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications