मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा, "देरी को लेकर सरकार कोई बहाना नहीं सुनेगी। हमें सभी निर्माणकार्य समय पर पूरे मिलने चाहिए। देरी की सूरत में संबंधित ठेकेदारों को काली सूची में डाल दिया जाएगा। यही नहीं, उनके खिलाफ अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।"
शीला ने रविवार को मंत्रिमंडलीय समूह की बैठक के बाद कहा था कि उन्हें इस बात की चिंता है कि देश के गौरव का प्रतीक बन चुके राष्ट्रमंडल खेलों के लिए जारी निर्माण कार्य समय पर पूरे हो पाएंगे या नहीं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें भरोसा है कि इन खेलों के लिए जारी तैयारियां समय रहते पूरी हो जाएंगी।
अपनी सरकार के कार्यकाल के 11 वर्ष पूरे करने को लेकर आयोजित कार्यक्रम में शीला दीक्षित ने सभी विभागों को निर्माण कार्यो को समय रहते पूरा करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे निर्माणकार्य में देरी के लिए जिम्मेदार कारणों पर खास ध्यान रखें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।