क्रिकेट विश्व कप : क्या कहते हैं विदेशी अखबार (डायरी)
नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई अखबार 'हेराल्ड सन' के अनुसार कप्तान रिकी पोंटिंग को एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में शतक लगाए हुए लगभग 378 दिन हो गए हैं। ऐसे में खुद पोंटिंग भी आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 में शतकों के इस सूखे को समाप्त करना चाहेंगे।
छत्तीस वर्षीय पोंटिंग ने भारतीय उपमहाद्वीप में जारी विश्व कप में अब तक दो मुकाबले खेले हैं। विश्व कप के पहले मुकाबले में पोंटिंग ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 28 रन बनाए थे जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ वह 12 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए थे।
पोंटिंग ने वेस्टइंडीज के साथ ब्रिस्बेन में 14 फरवरी, 2010 खेले गए श्रृंखला के चौथे एकदिवसीय मुकाबले में अंतिम शतक लगाया था। पोंटिंग ने इस मुकाबले में 106 रन बनाए थे जो उनके एकदिवसीय करियर का 29वां शतक था।
टेस्ट मैचों को मिलाकर पिछली 43 अंतर्राष्ट्रीय पारियों में पोंटिंग ने केवल एक बार सौ का आंकड़ा पार किया है। पिछले 13 महीनों में उनका एकदिवसीय मुकाबलों में 35.96 का औसत रहा है।
--------------------
विश्व कप जीतकर इतिहास बदल सकता है इंग्लैंड : ब्रॉड
'डेली मेल' (इंग्लैंड का अखबार) : इंग्लैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपने इरादे जाहिर करते हुए कहा है कि उनकी टीम पहली बार आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 का खिताब जीतकर इतिहास बदल सकती है।
इंग्लैंड ने अब तक के सभी नौ विश्व कप में हिस्सा लिया है लेकिन उसे हर बार मुंह की खानी पड़ी है। ब्रॉड इस बात को लेकर आवश्वस्त हैं कि उनकी टीम इस बार जरूर शानदार प्रदर्शन करने में सफल होगी।
समाचार पत्र ने ब्रॉड के हवाले से लिखा है, "हम कई बार फाइनल में पहुंचे हैं लेकिन जीत नहीं पाए हैं। अब वह बीती बात हो चुकी है। हमारी टीम में कोच के रूप में एंडी फ्लावर जब से जुड़े हैं तब से इंग्लिश क्रिकेट के इतिहास में काफी परिवर्तन हुए हैं। हम पिछले 18 महीने से बेहतरीन क्रिकेट खेल रहे हैं और इसे आगे भी जारी रखने की कोशिश करेंगे।"
इंग्लैंड ने विश्व कप में जीत के साथ आगाज किया है। उसने अपने पहले मुकाबले में नीदरलैंड्स को छह विकेट से मात दी थी।
पत्र के मुताबिक ब्रॉड ने कहा, "पिछले वर्ष हम पहली बार आईसीसी ट्वेंटी-20 विश्व कप जीतने में कामयाब हुए थे। इसके अलावा जनवरी में हमने आस्ट्रेलियाई दौरे पर 24 वर्ष बाद पहली बार एशेज श्रृंखला जीतने में सफलता हासिल की थी। मुझे लगता है कि जो हमने हासिल किया है वह पिछली इंग्लिश टीम ने हासिल नहीं की थी।"
-------------------------
शानदार गेंदबाजी और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण की बदौलत मिली जीत : शाकिब
'द डेली स्टार' (बांग्लादेशी अखबार) : बांग्लादेशी क्रिकेट टीम के कप्तान शाकिब अल हसन ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 के अंतर्गत अपने दूसरे मुकाबले में आयरलैंड के खिलाफ मिली जीत का श्रेय शानदार गेंदबाजी और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण को दिया है।
बांग्लादेश ने शुक्रवार को आयरलैंड को 27 रनों से पराजित कर विश्व कप में अपनी पहली जीत दर्ज की थी। बांग्लादेश अपना पहला मुकाबला भारत से हार चुका है।
समाचार पत्र ने शाकिब के हवाले से लिखा है, "हमने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन नहीं किया लेकिन हमारी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण बेहतरीन रही जिसकी बदौलत हमें जीत मिली। इसके अलावा दर्शकों ने भी हमारा साथ दिया। मैंने इतने दर्शक आज तक नहीं देखे थे। मुझे नहीं लगता कि जितने लोग हमारे समर्थन के लिए आए थे उतने विश्व कप में किसी और टीम के हौंसला अफजाई के लिए आए होंगे।" बांग्लादेश का अगला मुकाबाला वेस्टइंडीज के साथ चार मार्च को मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में होगा।
-----------------------------------
ड्वेन ब्रावो विश्व कप से बाहर
'द सिडनी मॉर्निग हेराल्ड' (आस्ट्रेलियाई अखबार) : वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के हरफनमौला खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो चोट के कारण आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 से बाहर हो गए हैं।
ब्रावो दक्षिण अफ्रीका के साथ गुरुवार को खेले गए मुकाबले के दौरान गेंदबाजी करते समय फिसल गए थे और वह विकेट पर गिर गए थे जिसकी वजह से उनका बायां घुटना चोटिल हो गया था।
समाचार पत्र ने वेस्टइंडीज टीम के मीडिया मैनेजर फिलिप स्पूनर के हवाले से लिखा है, "ब्रावो विश्व कप से बाहर हो गए हैं और वह स्वदेश लौटेंगे। 27 वर्षीय ब्रावो की जगह पर किसी स्थानापन्न खिलाड़ी का फैसला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् (आईसीसी) के स्वीकृति के बाद किया जाएगा।"
इससे पहले, विकेट कीपर बल्लेबाज काल्र्टन बग और बल्लेबाज एड्रियान बाराथ मांसपेशियों में खिंचाव के कारण विश्व कप से बाहर हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications