भारत ने ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका को एक पारी और 144 रनों से हराया। इसी के साथ भारत ने अपनी 100वीं टेस्ट जीत हासिल की। भारतीय टीम ने 1952 में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी पहली जीत हासिल की थी।
इस जीत ने भारतीय टीम को तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में 1-0 की बढ़त दिला दी है। श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच दो दिसंबर से मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में खेला जाएगा।
मैच के बाद धौनी ने कहा, "मेरे लिए यह गर्व का क्षण है। टेस्ट मैचों में 100वीं जीत हासिल करने वाली टीम का हिस्सा होना सचमुच सम्मान की बात है। इस टेस्ट में पूरा घटनाक्रम हमारे पक्ष में रहा। बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया और फिर गेंदबाजों ने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया।"
धौनी ने कहा कि दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम में दो परिवर्तन करने का फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ। भारतीय टीम में ईशांत शर्मा की जगह शांताकुमारन श्रीसंत और अमित मिश्रा के स्थान पर स्पिनर प्रज्ञान ओझा को मौका दिया गया था। दोनों ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए क्रमश: छह और चार विकेट बटोरे।
धौनी ने कहा, "बदलाव हमारे लिए शुभ साबित हुआ। मेरा मानना है कि श्रीसंत देश के सबसे अच्छे रिवर्स स्विंग गेंदबाज हैं। ओझा ने शानदार शुरुआत की। आशा करता हूं कि मुंबई की पिच तेज गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनरों को भी मदद पहुंचाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।