अभ्यास मैच : दक्षिण अफ्रीका की जोरदार शुरुआत (लीड-3)
दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 15 ओवरों की समाप्ति तक बिना कोई विकेट खोए 83 रन बना लिए हैं। कप्तान ग्रीम स्मिथ 47 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 35 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि हाशिम आमला 43 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद हैं।
दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 35 ओवरों में 135 रनों की जरूरत है जबकि उसके सभी विकेट सुरक्षित हैं।
इससे पहले, कप्तान रिकी पोंटिंग (55) और उपकप्तान माइकल क्लार्क (77) की शानदार अर्धशतकीय पारियों के बावजूद आस्ट्रेलियाई टीम 47.1 ओवरों में 217 रनों पर ढेर हो गई।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी आस्ट्रेलियाई टीम ने छह रन के कुल योग पर अपने सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। शेन वॉटसन और ब्रैड हेडिन खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद पोंटिंग और क्लार्क ने तीसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़े।
कैमरन व्हाइट ने भी 22 रन जोड़े लेकिन डेल स्टेन (21/3) और रोबिन पीटरसन (45/3) की धारदार गेंदबाजी के आगे आस्ट्रेलिया के बाकी के बल्लेबाज विकेट पर जम नहीं सके। पोंटिंग ने 84 गेंदों पर सात चौके लगाए जबकि क्लार्क ने 96 गेंदों पर छह चौके जड़े।
डेविड हसी सात रन बनाकर पेवेलियन लौटे जबकि स्टीवन स्मिथ नौ रन जोड़ सके। मिशेल जानसन ने हालांकि 15 और जॉन हैस्टिंग्स ने 14 रनों की पारी खेली लेकिन उनका यह प्रयास टीम को मजबूत योग दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुआ। जेसन क्रेजा ने 10 रन बनाए।
दोनों टीमों का यह दूसरा अभ्यास मैच है। दक्षिण अफ्रीका ने अपने पहले अभ्यास मैच में 12 फरवरी को जिम्बाब्वे को पराजित किया था जबकि आस्ट्रेलिया को बीते रविवार को भारत के हाथों मात मिली थी।
आस्ट्रेलिया ने चार बार विश्व कप खिताब जीता है जबकि दक्षिण अफ्रीकी टीम एक बार भी चैम्पियन नहीं बन पाई है। वह तीन बार सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है लेकिन उसे अब तक एक बार भी फाइनल में पहुंचने का श्रेय नहीं मिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications