समाचार चैनल स्टार न्यूज के साथ बातचीत में गांगुली ने कहा कि क्रिकेट के तीनों फॉर्म में वीरू सबसे सफल भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सहवाग को उप कप्तानी करनी चाहिए क्योंकि उनके पास कप्तानी कभी न कभी आ सकती है भले ही वह करियर के आखिर में दो साल के लिए ही आए। सौरव ने यह भी कहा कि सहवाग में अभी पांच-छह साल का क्रिकेट बाकी है।
चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत की हार और महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी पर उठ रहे सवालों को लेकर गांगुली ने कहा कि हर बार जीत नहीं सकते, कभी हारेंगे, कभी जीतेंगे और ऐसा आगे भी होता रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम अभी बेहतर फॉर्म में है और हमें इसका मनोबल बढ़ाना चाहिए तभी नतीजा देने वाली एक टीम तैयार होगी।
गांगुली ने कहा कि जब आप बड़ी टीमों के साथ खेलते हैं तो हर मैच प्रेशर मैच होता है। ऐसे समय में टीम को मैच विनर खिलाड़ी की जरूरत होती है जो पिच पर टिक सके और मैच जिता सके। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम एक अच्छी टीम है और उसे बड़े मैचों में शेन वॉटसन की तरह के मैच विनर खिलाड़ी की जरूरत है।
सौरव ने कहा कि चैम्पियंस ट्रॉफी में वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह और जहीर खान की गैर-मौजूदगी का टीम के प्रदर्शन पर फर्क पड़ा है। उन्होंने कहा कि ये तीनों खिलाड़ी मैच विनर खिलाड़ी हैं और इनकी वापसी से टीम मजबूत होगी।
गांगुली ने कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए पिछला सीजन अच्छा नहीं रहा था लेकिन उनकी टीम में बेहतरीन प्रदर्शन करने की क्षमता है। गांगुली ने कहा कि हैदराबाद की टीम पहले सीजन में नीचे थी और दूसरे सीजन में वह चैम्पियन बनी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।