Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

प्रवीण बाहर, पहला विश्व कप खेलेंगे श्रीसंत (लीड-2)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव एन. श्रीनिवासन ने मंगलवार को प्रवीण के विश्व कप से बाहर होने और श्रीसंत को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किए जाने की औपचारिक घोषणा की।

श्रीनिवासन ने कहा, "राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने श्रीसंत को प्रवीण के स्थानापन्न के तौर पर चुना है। आईसीसी ने भी इसकी इजाजत दे दी है।"

आईसीसी ने भी एक बयान जारी कर अपनी तकनीकी समिति द्वारा श्रीसंत समेत तीन खिलाड़ियों को बतौर स्थानापन्न विश्व कप में खेलने की इजाजत दे दी है। शेष दो खिलाड़ी आस्ट्रेलिया के कैलम फग्र्यूसन और जेसन क्रेजा हैं। इन दोनों को नाथन हॉरिट्ज तथा माइकल हसी के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है।

बहरहाल, प्रवीण को दक्षिण अफ्रीका के साथ खेली गई क्रिकेट श्रृंखला के दौरान दाएं हाथ की कोहनी में चोट लगी थी। यह चोट अब तक ठीक नहीं हो सकी है।

कुछ वर्ष पहले सचिन तेंदुलकर की कोहनी का सफल ऑपरेशन करने वाले जाने-माने सर्जन एंड्रयू वॉलेस से मिलकर लंदन से लौटे प्रवीण ने सोमवार को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में फिटनेस टेस्ट दिया था लेकिन उनकी स्थिति संतोषजनक नहीं थी।

प्रवीण के साथ श्रीसंत ने भी फिटनेस टेस्ट में हिस्सा लिया था। वह इसमें कामयाब रहे थे। विश्व कप के लिए चुनी गई 30 सदस्यीय संभावित टीम में शामिल रहे श्रीसंत पहली बार विश्व कप में खेलेंगे।

श्रीसंत ने सौभाग्य से मिले इस मौके को लेकर कहा, "मेरे लिए यह शानदार मौका है। मैं अपनी टीम का सिर नीचा नहीं होने दूंगा। मैंने बीते महीनों में अच्छा खेल दिखाया है और प्रदर्शन का अपना यही स्तर विश्व कप में भी जारी रखूंगा। मैं अपनी टीम को मैच जिताना चाहता हूं। हमारी टीम बहुत अच्छी है और हमारे पास विश्व कप जीतने का काफी अच्छा मौका है।"

सोमवार को हुए फिटनेस टेस्ट में प्रवीण के संतोषजनक प्रदर्शन नहीं करने के बाद ही श्रीसंत को टीम में शामिल किए जाने की अटकलें सामने आने लगी थीं। बीसीसीआई हालांकि इसे लेकर काफी सावधान रवैया बरत रहा था क्योंकि हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के साथ खेली गई टेस्ट श्रृंखला के दौरान श्रीसंत को अपने व्यवहार के कारण मैच फीस का 10 फीसदी हिस्सा गंवाना पड़ा था।

ऐसे में बीसीसीआई के अलावा कप्तान महेंद्र सिंह धौनी पर भी श्रीसंत को नियंत्रित रखने की जिम्मेदारी होगी।

श्रीसंत ने अपना आखिरी एकदिवसीय मैच बीते वर्ष न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय पिचों पर ही खेला था। वह 51 एकदिवसीय मैचों में 75 विकेट ले चुके हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, February 8, 2011, 20:00 [IST]
Other articles published on Feb 8, 2011
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+