प्रवीण की जगह लेंगे श्रीसंत, केरल में खुशी (राउंडअप)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव एन. श्रीनिवासन ने मंगलवार को प्रवीण के विश्व कप से बाहर होने और श्रीसंत को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किए जाने की औपचारिक घोषणा की। श्रीनिवासन ने कहा, "राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने श्रीसंत को प्रवीण के स्थानापन्न के तौर पर चुना है। आईसीसी ने भी इसकी इजाजत दे दी है। प्रवीण के कोहनी की चोट अब तक ठीक नहीं हो सकी है।"
प्रवीण को दक्षिण अफ्रीका के साथ खेली गई क्रिकेट श्रृंखला के दौरान दाएं हाथ की कोहनी की चोट लगी थी। कुछ वर्ष पहले सचिन तेंदुलकर की कोहनी का सफल ऑपरेशन करने वाले जाने-माने सर्जन एंड्रयू वॉलेस से मिलकर लंदन से लौटे प्रवीण ने सोमवार को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में फिटनेस टेस्ट दिया था लेकिन उनकी स्थिति संतोषजनक नहीं थी।
प्रवीण के साथ श्रीसंत ने भी फिटनेस टेस्ट में हिस्सा लिया था। वह इसमें कामयाब रहे थे। विश्व कप के लिए चुनी गई 30 सदस्यीय संभावित टीम में शामिल रहे श्रीसंत पहली बार विश्व कप में खेलेंगे।
बेंगलुरू में अभ्यासरत श्रीसंत ने सौभाग्य से मिले इस मौके को लेकर एक समाचार चैनल से बातचीत के दौरान कहा, "मेरे लिए यह शानदार मौका है। मैं अपनी टीम का सिर नीचा नहीं होने दूंगा। मैंने बीते महीनों में अच्छा खेल दिखाया है और प्रदर्शन का अपना यही स्तर विश्व कप में भी जारी रखूंगा। मैं अपनी टीम को मैच जिताना चाहता हूं। हमारी टीम बहुत अच्छी है और हमारे पास विश्व कप जीतने का काफी अच्छा मौका है।"
पारम्परिक स्विंग कला में माहिर प्रवीण विश्व कप से बाहर होने से अनुभवी जहीर खान की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है। घरेलू और उपमहाद्वीप की पिचों पर प्रवीण की गेंदबाजी स्तरीय नहीं रही है लेकिन शुरुआती ओवरों में विकेट चटकाने के अपने नैसर्गिक गुण के कारण वह विश्व कप टीम में जगह बनाने में सफल रहे थे।
प्रवीण ने भारत में अब तक खेले गए 14 एकदिवसीय मैचों में सिर्फ नौ विकेट लिए हैं लेकिन भारतीय उपमहाद्वीप से बाहर उनके खाते में 34 मैचों में 48 विकेट दर्ज हैं। इसी कारण वह विदेशी दौरों पर चयनकर्ताओं की स्वाभाविक पसंद रहे हैं।
प्रवीण के स्थान पर श्रीसंत को टीम में शामिल करना न्योचित्त है लेकिन इससे जहीर को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। जहीर को शुरुआती ओवरों में विपक्षी टीम के अधिक से अधिक विकेट झटकने की अपनी रणनीति में कुछ बदलाव करना होगा क्योंकि श्रीसंत विशेषज्ञ एकदिवसीय गेंदबाज के तौर पर नहीं जाने जाते।
पांच वर्ष पहले अपना पहला एकदिवसीय मैच खेलने वाले श्रीसंत को मुख्य तौर पर टेस्ट गेंदबाज माना जाता है। भारतीय चयनकर्ताओं के पास श्रीसंत को टीम में शामिल करने के अलावा और कोई चारा नहीं था क्योंकि वह विश्व कप की संभावित टीम में शामिल एकमात्र ऐसा अनुभवी तेज गेंदबाज थे, जिन्हें 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली थी।
भारतीय कप्तान ने प्रवीण को लेकर अपनी रणनीति का हमेशा संभलकर प्रयोग किया है। धौनी ने उनसे शुरुआती चरण में अधिक से अधिक गेंदबाजी कराई है क्योंकि उस वक्त गेंद नई होती है और विकेट में भी थोड़ी नमी होती है। इसी का फायदा प्रवीण को मिलता रहा है लेकिन अब जबकि प्रवीण टीम में नहीं हैं, धौनी को दूसरे छोर पर जहीर के साथी के तौर पर आशीष नेहरा और श्रीसंत के रूप में किसी एक का चयन करना होगा।
प्रवीण की एक खासियत रही है। वह धीमी पिचों पर भी विकेट लेना जानते हैं लेकिन इसके बावजूद भारतीय पिचों पर उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद उन्हें विश्व कप के लिए टीम में शामिल किया गया क्योंकि वह बीते कुछ वर्षो से एकदिवसीय टीम का अभिन्न अंग रहे हैं और अपनी गेंदों की विविधता के कारण हमेशा टीम के काम आते रहे हैं।
श्रीसंत के टीम में लौटने से उसका आक्रामक पहलू मजबूत होगा लेकिन इसके कारण उसे मुश्किलों का भी सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण अफ्रीका में खेली गई टेस्ट श्रृंखला के दौरान श्रीसंत को अपने रूखे व्यवहार के कारण कई बार चेतावनी मिली थी। इस तरह का व्यवहार विश्व कप जैसे आयोजन में स्वीकार्य नहीं है, लिहाजा धौनी को श्रीसंत को शांत रखने की एक अतिरिक्त जिम्मेदारी निभानी होगी।
इस बीच, श्रीसंत को टीम में शामिल किए जाने से केरल के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। केरलवासियों ने अपने प्रदेश के खिलाड़ी के चयन को लेकर संतोष जाहिर किया है।
केरल क्रिकेट संघ (केसीए) के अध्यक्ष टी. आर. बालाकृष्णन ने तिरुवनंतपुरम में श्रीसंत को 19 फरवरी से शुरू होने वाले विश्व कप के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
बालाकृष्णन ने कहा, "श्रीसंत के लिए यह बहुत अच्छी बात है। विश्व कप टीम में शामिल नहीं किए जाने से वह बेहद निराश थे। मुझे यकीन है कि वह इस मौके का भरपूर लाभ उठाएंगे।"
श्रीसंत के चयन से खुश 12वीं कक्षा के छात्रों के एक ग्रुप ने कहा, "हमें श्रीसंत के टीम में शामिल होने की खबर एसएमएस से मिली। हम सभी खुश हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications