सानिया ने बुल्गारिया की स्वेताना पिरोनकोवा को चुनौती तो दी लेकिन सर्विस पर नियंत्रण नहीं होने के कारण महिला एकल के पहले दौर में उन्हें 88 मिनट तक चले मुकाबले में 4-6, 2-6 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही एकल में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गयी क्योंकि सोमदेव देववर्मन कंधे की चोट के कारण इस टूर्नामेंट में भाग नहीं ले रहे हैं।
भारत की उम्मीदें अब युगल मुकाबलों पर टिकी रहेंगी। कोर्ट नंबर आठ पर खेले गये मैच में सानिया शुरू में लय हासिल नहीं कर पायी और उन्होंने दूसरे गेम में ही अपनी सर्विस गंवा दी और जल्द ही वह 0-3 से पीछे हो गयी। इसके बाद दोनों खिलाडि़यों ने लगातार एक दूसरे की सर्विस तोड़ी और ऐसे में दुनिया में 106वें नंबर की सानिया को शुरुआती गलती भारी पड़ी और उन्होंने 47 मिनट में यह सेट गंवा दिया।