नई दिल्ली, 28 अप्रैलः भारत के महेश भूपति और बहामास के उनके जोड़ीदार मार्क नोल्स की जोड़ी मोंटे कार्लो मास्टर्स टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष युगल के फाइनल में हार गई है। उन्हें स्पेन के राफेल नडाल और टामी राब्रेडो की जोड़ी ने सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से हरा दिया।
इस प्रतियोगिता में भूपति और नोल्स की जोड़ी को चौथी वरीयता दी गई थी लेकिन वे नडाल-रोब्रेडो की गैर वरीयता प्राप्त जोड़ी से आसानी से हार गई। भूपति और नोल्स की जोड़ी पिछली पांच प्रतियोगिताओं में से चार के फाइनल में पहुंच चुकी है। इनमें से दो में उन्होंने खिताबी जीत दर्ज की थी।
अगर यह जोड़ी इस मुकाबले को जीतने में सफल हो जाती तो वह एटीपी की सूची में शीर्ष वरीयता वाली युगल जोड़ी बन जाती। इससे पहले एकल मुकाबलों के फाइनल में विश्व के नंबर एक रोजर फेडरर को हराने वाले नडाल इस जीत के साथ ही एटीपी मास्टर्स टेनिस के इतिहास में एकल और युगल के खिताब एक साथ जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस